त्योहार पर चलाई जाएंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली। दीपावली, भैयादूज और छठपर्व से पहले ट्रेनों और रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ने लगी है। आलम यह है कि वर्तमान में जो ट्रेनें संचालित हो रही हैं, वे यात्रियों की संख्या को देखते हुए नाकाफी है। भीड़ बढ़ने के चलते ट्रेनों में सीटों की मारामारी है। तकरीबन सभी ट्रेनों में वेटिंग बढ़ गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों में तो वेटिंग सौ को पार कर गई है।
कई नियमित ट्रेनों में नो रूम के हालात हैं। 03020 काठगोदाम-हावड़ा, अवध-असम सहित सभी प्रमुख ट्रेनों में इस समय लंबी वेटिंग है। लिहाजा यात्रियों ने रोडवेज बसों का रुख करना शुरू कर दिया है। एक सप्ताह में रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में 15 प्रतिशत तक बढ़ गई है। लिहाजा परिवहन निगम ने दिल्ली, आगरा, लखनऊ समेत सभी प्रमुख रूटों पर बसों की संख्या बढ़ा दी है। दिल्ली और लखनऊ के लिए पुराने रोडवेज और सेटेलाइट बस स्टेशन से हर पंद्रह मिनट पर बस संचालित की जा रही है। एसी बसें भी चलाई जा रही हैं। फिलहाल बरेली परिक्षेत्र के चारों डिपो से प्रतिदिन 630 बसें संचालित की जा रही हैं। चूंकि त्योहार से पहले दिल्ली से आने वाली सवारियों की संख्या सबसे अधिक होती है, ऐसे में सबसे ज्यादा 380 बसें दिल्ली रूट पर ही चलाई जा रही हैं।
कुछ ट्रेनों में ही सीटें खाली
दीपावली के आसपास जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेेस, योगनगरी हावड़ा दून एक्सप्रेस, फैजाबाद एक्सप्रेस समेत चुनिंदा ट्रेनों में इस समय एसी प्रथम और द्वितीय में कुछ ही सीटें खाली हैं। हालांकि ज्यादातर ट्रेनों में सीटें अब पूरी तरह भर गई हैं। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहार को देखते हुए कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की भी तैयारी की जा रही है।
त्योहार पर ड्यूटी करने वाले स्टाफ को मिलेगा भत्ता
त्योहार पर रोडवेज बस संचालन में योगदान देने वाले कर्मियों को परिवहन निगम की ओर से विशेष भत्ता दिया जाएगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। रुहेलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया त्योहार पर 10 दिन उपस्थिति और 3000 किलोमीटर बस चलाने वाले स्टाफ को 4000 रुपये और नौ दिन उपस्थिति के साथ 2700 किलोमीटर बस संचालन पर 3150 रुपये भत्ता दिया जाएगा। इस अवधि में डिपो कार्यशाला में तैनात स्टाफ को भी भत्ता दिया जाएगा।
प्रमुख मार्गों पर संचालित रोडवेज बसें
मार्ग बसों की संख्या
दिल्ली- 380
आगरा- 60
टनकपुर, हल्द्वानी, कानपुर 110
स्थानीय मार्ग 115
यात्रियों की बढ़ी संख्या के मद्देनजर सभी प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। सभी स्टेशन इंचार्जों को रूटों पर यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों की संख्या कम करने या बढ़ाने का अधिकार दिया गया है। - आरके त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज