प्रेमिका के मां-भाई को बेदर्दी से मारा: पांच साल से युवती के संपर्क में था राशिद, शादी से इनकार पर बना हैवान
बरेली में शुक्रवार रात मां-बेटे की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव बड़ा बाईपास के नजदीक पड़े मिले थे। मृतका के पति ने पहले अन्य पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की तो पूरा मामला खुल गया। बेटी का प्रेमी मां-बेटे का कातिल निकला। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या करने वाले टाइल्स मिस्त्री राशिद को जेल भेज दिया गया। उसके पास से मिला हथौड़ा भी सील कर दिया गया। इसी हथौड़े से उसने मां-बेटे की हत्या की थी। आरोपी शादीशुदा है। उसका महिला की बेटी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उससे शादी करना चाहता था। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने वारदात से कुछ दिन पहले प्रेमिका से कहा था कि तेरे भाई को निपटा दूंगा।
बारादरी इलाके के एक गांव की 44 वर्षीय महिला और उसका 20 साल का बेटा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बड़ा बाईपास के किनारे नर्सरी का संचालन करते थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उनके शव नर्सरी में पड़े मिले थे। दोनों के सिर कुचले हुए थे। खून बह रहा था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को दोहरे हत्याकांड का राजफाश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
टाइल्स लगाने के दौरान हुआ था प्यार
राशिद ने बताया कि वह 2018 में टाइल्स लगाने महिला के घर गया था। वहीं उसकी बेटी से दोस्ती हो गई। दोनों तभी से एक-दूसरे को प्यार करने लगे और इंटरनेट कॉलिंग व एप के जरिये बात करते थे। युवती पार्लर चलाती थी। उसे पता था कि वह शादीशुदा है, फिर भी दोनों शादी करने को तैयार थे।
राशिद ने बताया कि परिजनों ने जब युवती की शादी तय की तो उसने राशिद से कहा था। तब राशिद ने ही उसकी मां व भाई को बताया कि उनकी बेटी किसी और से प्यार करती है और शादी नहीं करेगी। युवती ने खुद अपने मंगेतर को कॉल करके यह बात बताई कि शादी हो भी गई तो वह उसे तलाक दे देगी या मर जाएगी। तब मंगेतर ने ही उसके परिजनों से बात करके रिश्ता तोड़ दिया था और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का सामान लौटा दिया।
युवती से कहा था- तेरे भाई को निपटा दूंगा
राशिद ने बताया कि युवती की शादी के लिए उसका भाई इधर-उधर रिश्ते की बात कर रहा था। युवती ने उसे बताया तो उसने कहा कि वह उसके भाई को ही रास्ते से हटा देगा, तब युवती ने ऐसा करने से मना किया था। बताया कि घटना के दिन वह नर्सरी चला गया। उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवती के भाई ने उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान उसने थैले से हथौड़ा निकालकर दोनों की हत्या कर दी।
पहले बेटे को मारा, मां भिड़ी तो हथौड़ा मारता चला गया
राशिद ने बताया कि कहासुनी में गुस्सा होकर प्रेमिका का भाई उस पर हमला करने लगा। वह भारी भरकम हथौड़ा साथ लेकर गया था। उसने युवक के सिर पर पीछे से हथौड़े से वार किया। सामने ही बेटे पर हमला होते देख महिला ने उसे पीछे से पकड़कर खींचा।
महिला के नाखून उसके जिस्म में कई जगह लगे तो वह तिलमिला उठा। उसके बेटे के जमीन पर गिरते ही राशिद ने मां को निशाने पर ले लिया। महिला के सिर में ताबड़तोड़ हथौड़े मारे। तब तक हमला किया जब तक वह शांत न हो गई। उसे होश आया तो अपनी ही करतूत पर हैरान रह गया। फिर युवक का मोबाइल और हथौड़ा छुपा दिया और घर चला गया।