हेलो! स्टूल के नीचे बम है: जो बच सकता है वह बच जाए, नहीं तो व्यापारी के साथ मारे जाओगे, एक सिरफिरे की कॉल ने उड़ाईं हवाइयां
बरेली के फरीदपुर में एक सिरफिरे ने फोन कॉल करके मोबाइल की दुकान समेत व्यापारी को बम से उड़ाने की धमकी दी। जिससे वहां लोगों में हड़कंप मच गया। व्यापारी के पास आए फोन पर आरोपी ने कहा कि मैंने तुम्हारी दुकान में बम रख दिया है। अगर बच सकता है तो परिवार को बचा ले, तेरी बिल्डिंग को बम से उड़ा दूंगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में एक सिरफिरे ने फोन कॉल कर मोबाइल की दुकान समेत व्यापारी व वहां मौजूद लोगों को बम से उड़ाने की धमकी दी। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। फोन करने वाले ने कहा कि स्टूल के नीचे रखे बैग में बम है। जो बच सकता है वह बच जाए और नहीं तो व्यापारी के साथ ही उसके परिवार के सारे लोग बम धमाके में मारे जाएंगे। पीड़ित के मुताबिक कुर्ता व टोपी के साथ नकाब लगाकर आए संदिग्ध ने स्टूल के नीचे बैग रखा था। इस मामले में पुलिस ने व्यापारी की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फरीदपुर के मोहल्ला मिर्धान बीसलपुर मोड़ के पास साजिद हुसैन की सैफी इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल की दुकान है। बुधवार को दुकान में पीला कुर्ता, टोपी-जींस, पहने हुए एक अज्ञात व्यक्ति आया था। जिसके मुंह पर नकाब था और मोबाइल से बात कर रहा था। जो दुकान के अंदर आकर स्टूल के नीचे बैग रख कर चला गया। इसके कुछ देर बाद ही किसी का फोन आया और कहा कि मैंने तुम्हारी दुकान में बम रख दिया है। अगर बच सकता है तो परिवार को बचा ले, तेरी बिल्डिंग को बम से उड़ा दूंगा।
दुकान मालिक ने उसकी बात सुन कर स्टूल के नीचे चेक किया तो वहां एक बैग रखा था। इस मामले की सूचना उन्होंने डायल 112 को दे दी और बम की सूचना मिलते ही पीआरवी के साथ ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब बैग को चेक किया तो पतले बांस की कई नली एक साथ टेप से चिपकी थी। इसके साथ ही उसमें एक हाथ की घड़ी, सेल और टॉर्च के बल्ब भी लगे हुए थे। इस मामले में फरीदपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बैग में जो मिला उसे देख पहली नजर में लोगों के उड़ गए होश
बैग में जो चीज मिली पहली नजर में उसे देख कर लग रहा था कि सच में बम ही है। जांच के दौरान पता चला कि टाइम बम जैसी दिखने वाली चीज बनाई गई है। जिसे बैग में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक दुकान के मालिक को डराने के लिए यह हरकत की गई है। इसी वजह से बम जैसा आइटम बनाकर दुकान में रखा गया था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ आरोपी
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी आरोपी कैद हुआ है। जिसमें वह पीला कुर्ता, जींस के साथ ही टोपी व नकाब लगाए हुए फोन पर बात करता हुआ दिख रहा है। पुलिस आरोपी का हुलिया देखकर उसकी तलाश में जुट गई है। साथ ही मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस की नजर आई लापरवाही
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों को इस तरह की लापरवाही की उम्मीद नहीं थी। क्योंकि बैग चैक के दौरान उसमें जो निकला था वह बिल्कुल टाइम बम लग रहा था। चेकिंग से पहले पहुंची डायल 112 पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती है। पुलिस ने बैग को बिना किसी सुरक्षा के ही लाठी से उठाकर नाली में फेंक दिया और इसके बाद भी लाठी से बैग को खोलकर देखने लगे। जिसमें खड़ी लकड़ियां आपस में बंधी हुई दिख रही थी। फिर भी पीआरवी नहीं रुकी और कथित बम को पूरा ही खोल दिया। खास बात यह रही कि मामले की जानकारी बम निरोधक दस्ते नहीं दी गई।