Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Barabanki News ›   Fertilizer shortage at cooperatives; farmers left struggling

Barabanki News: समितियों पर खाद का संकट, भटक रहे किसान

Sat, 28 Nov 2026 02:24 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Sat, 28 Nov 2026 02:24 AM IST
विज्ञापन
Fertilizer shortage at cooperatives; farmers left struggling
बाराबंकी। जिले में खाद का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। साधन सहकारी समितियों पर कहीं यूरिया तो कहीं डीएपी उपलब्ध नहीं है। गेहूं और आलू की फसल के लिए खाद की जरूरत के बीच किसान सुबह से शाम तक समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। किसानों का आरोप है कि समितियों पर खाद वितरण में मनमानी हो रही है और चहेतों को ही खाद दी जा रही है। वहीं, जिम्मेदार अधिकारी जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद किसानों को राहत नहीं मिल रही है। मजबूरी में उन्हें बाजार से निर्धारित कीमत से करीब 500 रुपये अधिक देकर डीएपी खरीदनी पड़ रही है।
विज्ञापन


15 दिनों से त्रिलोकपुर समिति पर खाद का इंतजार
त्रिलोकपुर प्रतिनिधि के अनुसार, सहकारी समिति त्रिलोकपुर में करीब 15 दिनों से खाद का संकट बना हुआ है। इस समय गेहूं और आलू की फसल में डीएपी डालने की जरूरत है, लेकिन समिति पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलुहामऊ निवासी अनिल पाल, डांडियामऊ के श्यामू, दतौली के जगदीश प्रसाद और पीतमपुर के राजेश ने बताया कि वे कई दिनों से खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ता है। किसान सुबह खाद मिलने की उम्मीद में समिति पहुंचते हैं और शाम को खाली हाथ घर लौट जाते हैं।
विज्ञापन


10 समितियों में दो पर ही मिल रही यूरिया
सिद्धौर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र की 10 साधन सहकारी समितियों में से केवल उस्मानपुर और कोठी समिति पर ही यूरिया उपलब्ध है। शेष समितियों पर खाद नहीं मिलने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरी में किसान निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीद रहे हैं। एक सप्ताह पहले बिबियापुर, फिरोजाबाद, सेमरावा, न्योछना, छूलापाही, नवाबपुर, कोडरी और नसीरपुर समितियों पर यूरिया भेजी गई थी, लेकिन किसानों की अधिक मांग के चलते दूसरे ही दिन स्टॉक खत्म हो गया। इसके बाद से किसान लगातार समितियों के चक्कर काट रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


महंगे दामों पर खाद खरीदना मजबूरी
नसीरपुर निवासी किसान सत्यनाम ने बताया कि वह तीन दिनों से यूरिया के लिए समिति जा रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल सकी। इससे फसल की बोआई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं, गोतौना निवासी विमल ने बताया कि आलू की बोआई के लिए डीएपी की जरूरत है, लेकिन समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उन्हें 1350 रुपये की डीएपी 1850 रुपये में खरीदनी पड़ रही है। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, जिले में 8,01,519 बोरी यूरिया, 1,26,140 बोरी डीएपी व टीएसपी, 5,49,820 बोरी एनपीके और 1,48,512 बोरी एमओपी उपलब्ध है। यूरिया की रैक से मिली 24,009 बोरियों में से 5,244 बोरी सहकारी बिक्री केंद्रों और 18,765 बोरी निजी बिक्री केंद्रों को भेजी जा रही हैं।

वर्जन
जिले में डीएपी, यूरिया, टीएसपी, एनपीके और एमओपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। समितियों पर मांग के अनुरूप खाद भेजी जा रही है। खाद की रैक भी लगातार मिल रही है। ऐसे में किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

- राजितराम, जिला कृषि अधिकारी

इनसेट
खाद वितरण में बवाल के बाद चौबीसी समिति के सचिव से छीना अतिरिक्त प्रभार
हैदरगढ़। खाद वितरण में धांधली के आरोपों को लेकर हुए हंगामे और मारपीट के बाद सहकारिता विभाग ने कार्रवाई की है। चौबीसी साधन सहकारी समिति के प्रभारी सचिव सत्यम पाठक से चौबीसी और रीठी सिकंदरपुर समितियों का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास केवल पेचरुआ समिति की जिम्मेदारी रहेगी। करीब दो सप्ताह पहले चौबीसी समिति पर खाद वितरण के दौरान अनियमितता के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। उस समय सचिव मौके से नदारद थे। हालात बिगड़ने पर एसडीएम और सीओ को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी थी। रीठी सिकंदरपुर समिति की जिम्मेदारी लिल्हौरा हैदरगढ़ के सचिव राजेश सिंह को सौंपी गई है। हालांकि, चौबीसी समिति का प्रभार अभी किसी को नहीं दिया गया है। ऐसे में वहां खाद वितरण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी समिति पर खाद वितरण बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed