{"_id":"5b16cb7c4f1c1ba96e8b66e7","slug":"two-side-heat-around-goat-clashed-7-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"बकरी को लेकर बवाल में दो पक्ष भिड़े, 7 घायल ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बकरी को लेकर बवाल में दो पक्ष भिड़े, 7 घायल
अमर उजाला ब्यूरो/बांदा
Updated Tue, 05 Jun 2018 11:12 PM IST
विज्ञापन
अतर्रा। खेत में बकरी घुस जाने और पुलिस में शिकायत से खिसियाए दबंगों द्वारा फायरिंग और लाठी-डंडे चलाने पर सात लोग घायल हो गए। इनमें तीन फायरिंग में जख्मी हुए। एक महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी है।
विज्ञापन
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के घनसौल गांव की है। सोमवार को शाम प्रकाशचंद्र वर्मा की बकरियां रामस्वरूप साहू के खेत में घुसकर धान की नर्सरी चर गईं। इस पर रामस्वरूप ने बकरियां बांध लीं। प्रकाशचंद्र की पत्नी अपनी जेठानी रामप्यारी के साथ उलाहना देने पहुंची तो दबंगों ने अभद्रता की। पत्नी से बदसुलूकी पर प्रकाशचंद्र और शिवपूजन ने बिलगांव पुलिस चौकी में शिकायत कर दी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को सुबह सफाई कर्मी शिवपूजन वर्मा (45) पुत्र चंद्रपाल बाइक पर ड्यूटी के लिए मरका जा रहा था। तभी दबंगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिवपूजन घायल हो गया। बीच-बचाव में ग्रामीण मुंगलुवा (35) पुत्र रघुवर, भगवानदीन (70) पुत्र शिवदयाल और किनकिन (40) पुत्र रामकृपाल भी घायल हो गए। इसी बीच सैनिक शिवस्वरूप साहू ने अपनी लाइसेंसी दोनली बंदूक और वेदप्रकाश (मिल्लू) ने तमंचे से शिवपूजन पर फायर कर दिया। वह झुक गया। गोली के छर्रे वहां खड़े ग्रामीण शिवमान सिंह (62) पुत्र चुन्नू सिंह के गले, चंदनिया (60) पत्नी किशोरा के पेट और उसके नाती पुष्पेंद्र (14) पुत्र राममिलन के पैर में लगे।
विज्ञापन
फायरिंग से खिसियाए ग्रामीण दबंगों पर टूट पड़े। शिवस्वरूप और वेदप्रकाश को पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। शिवपूजन ने बिसंडा पुलिस को दी तहरीर में शिवस्वरूप, रामस्वरूप, शिवनारायण, रामनारायण, वेदप्रकाश व रामबली नामजद किया है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर दी है।
विज्ञापन