{"_id":"337061dc013e0ec8b3e6a80e502f0007","slug":"tilak-ceremony-hotel-across-nine-lakh-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"तिलक समारोह में होटल से नौ लाख रुपये पार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तिलक समारोह में होटल से नौ लाख रुपये पार
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Fri, 18 Dec 2015 11:12 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। होटल में चल रहे तिलक समारोह की धूमधाम के बीच तिलक के चढ़ावे में आए नौ लाख रुपये नकद और चांदी के बर्तन चोरी हो गए।
विज्ञापन
सीसीटीवी कैमरा खंगालने और कई घंटे तक होटल में मौजूद लोगों की तलाशी के बाद भी चोरी गए रुपये और सामान का कुछ सुराग नहीं चला। चोरों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर के एकता नगर (अतर्रा चुंगी) निवासी अभिषेक दीक्षित का बृहस्पतिवार की देर शाम बलखंडी नाका स्थित सारंग होटल में तिलकोत्सव कार्यक्रम था।
बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। तिलक के बाद प्रीतिभोज चल रहा था। तभी होटल के कमरा नंबर-209 में रखे नौ लाख रुपये और चांदी की थाली चोरी हो गई।
अभिषेक की मां शिवाकांती कमरे में गई तो सामान बिखरा मिला। कमरे में रखे नौ लाख रुपये और चांदी के बर्तन गायब थे। यह नकदी और बर्तन कन्या पक्ष से तिलक के चढ़ावे में वर पक्ष को दिए गए थे।
भारी रकम और चांदी के बर्तन चोरी होने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि घटना स्थल वाले होटल से बमुश्किल चंद कदम दूर बलखंडीनाका पुलिस चौकी है।
कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी नगर विनोद सिंह और प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह फोर्स के साथ आ गए। उन्होंने होटल के मुख्य द्वार में ताला डलवाकर होटल में मौजूद लोगों को बाहर निकलने पर रोक लगा दी।
साथ ही सभी की तलाशी ली गई। होटल के सभी कमरों और ठहरे लोगों के सामानों को खंगाला गया। होटल कर्मचारियों और खाना बनाने वाले कारीगरों व मजदूरों से भी सख्ती से पूछताछ की गई, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं लगा।
होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक किशोरी और एक किशोर को कमरे से निकलते देखा गया, लेकिन तस्वीर स्पष्ट न होने से उनकी पहचान नहीं हो सकी।
अभिषेक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। शुक्रवार को भी होटल में छानबीन और पूछताछ का सिलसिला जारी रहा।