बालू के 36 ट्रकों का चालान, साढ़े 6 लाख जुर्माना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। कई खदानों का समय पूरा होने पर सोमवार को खनन अवधि समाप्त हो गई। इसी रात डीएम ने अफसरों की संयुक्त टीम लगाकर बालू के ट्रकों की चेकिंग का अभियान चलाया। टीम ने 36 ट्रकों का चालान करके साढ़े छह लाख रुपये जुर्माना वसूला। पकड़े गए ट्रकों को पुलिस के हवाले किया गया है। उधर, 17 खदानों को ई-टेंडर से पट्टे पर देने की प्रक्रिया बुधवार (6 दिसंबर) से शुरू हो जाएगी। यह 11 दिसंबर तक चलेगी। टेंडरदाताओं से 25 फीसदी अर्नेस्ट मनी जमा कराने की अंतिम तिथि चार दिसंबर को शाम खत्म हो गई। छह माह की अवधि पूरी होने पर सोमवार (4 दिसंबर) को कई खदानों में खनन की मीयाद खत्म हो गई।
इनमें लमेहटा और कुल्लूखेड़ा की खदानें शामिल हैं। अंतिम दिन रात में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम को चेकिंग के निर्देश दिए। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की। कुल 36 बालू ट्रकों का चालान हुआ। एआरटीओ (प्रवर्तन) एसके यादव ने बताया कि मटौंध थाने से लेकर भूरागढ़ तक कई ट्रक पकड़े गए। इसी तरह दूसरी टीम में मवई बाईपास से तथा मटौंध से भूरागढ़ चौकी तक चेकिंग की। एडीएम गंगाराम गुप्ता और एसडीएम थमीम अंसरिया ए (आईएएस) भी चेकिंग में शामिल हुए। इनके अलावा एसडीएम अतर्रा प्रहलाद सिंह, एआरटीओ एसके मौर्या, तहसीलदार अवधेश निगम, पीटीओ राम सिंह आदि चेकिंग में शामिल रहे। इस माह समय समाप्त हो जाने पर कई खदानों का पट्टा खत्म हो रहा है। 12 दिसंबर को हटेटी पुरवा प्रथम और 20 दिसंबर को खप्टिहाकलां प्रथम खदान बंद हो जाएगी। उधर, नवंबर माह में टेंडर आमंत्रण में बोली न लगने से शेष 17 खदानों के लिए पुन: ई-टेंडर डलवाए जा रहे हैं। 6 से 11 दिसंबर तक टेंडर डाले जाएंगे। टेंडरदाताओं में टॉप-5 (सर्वोच्च पांच) दरों वाले टेंडरों की छटनी होगी। इन खदानों में खप्टिहाकलां, सादीमदनपुर 1 व 2, सबादा खादर 1, 2, 3 व 4, बिल्हरका 1 व 2, मर्का खादर 1, 2, 3 व 4, दुरेड़ी 1, 2, 3 व 4 शामिल हैं।