{"_id":"5b86e29142c792464e177835","slug":"bike-hit-by-roadways-bus-flip","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाइक को टक्कर मार रोडवेज बस पलटी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बाइक को टक्कर मार रोडवेज बस पलटी
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
Updated Wed, 29 Aug 2018 11:44 PM IST
विज्ञापन
बाइक सवार की शोकग्रस्त पत्नी।
- फोटो : अमर उजाला
गिरवां थाना क्षेत्र के गांव खुरहंड के पास नेशनल हाईवे पर बरसड़ा गांव के मोड़ पर बुधवार की दोपहर यात्रियों से भरी रोडवेज बस बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क के किनारे पानी से भरे खंती में गिरकर पलट गई। बस की टक्कर लगने से बाइक सवार भी खंती गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार 25 यात्री घायल हो गए। छह यात्रियों की हालत ज्यादा नाजुक होने पर जिला अस्पताल और बाकी को अतर्रा व महुआ के सीएचसी में भर्ती कराया गया। बस के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
इलाहाबाद के जीरो डिपो की रोडवेज बस बुधवार को दोपहर बांदा से इलाहाबाद जा रही थी। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। बरसड़ा गांव के मोड़ पर पहुंचते ही अतर्रा की ओर से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित होकर खंती में गिरकर पलट गई। साथ ही बस की टक्कर से अतर्रा थाना क्षेत्र के चूड़ी गली निवासी हरीओम लखेरा (35) पुत्र संतकुमार भी बाइक समेत खंती में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
उधर, बस के खंती में गिरने से यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। कुछ ही देर में खुरहंड चौकी की पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। पुलिस ने मौजूद लोगों की मदद से बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला। बाद में 25 से ज्यादा घायलों को महुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से छह लोगों की हालत ज्यादा नाजुक होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, गिरवां थानाध्यक्ष लालजी सिंह ने बताया कि चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन