{"_id":"65075e42ac1629573ec7785a9d972309","slug":"cleaner-arrested-including-a-report-on-driver-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्लीनर गिरफ्तार, चालक समेत कई पर रिपोर्ट, हादसे में एक की हो गई थी मौत, तीन गंभीर घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
क्लीनर गिरफ्तार, चालक समेत कई पर रिपोर्ट, हादसे में एक की हो गई थी मौत, तीन गंभीर घायल
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Sun, 08 Feb 2015 11:44 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल हाइवे और यहां अतर्रा नगर में शनिवार की रात खूनी तांडव खेलने वाला ट्रक चालक दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ नहीं लगा। हालांकि पुलिस ने क्लीनर को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है। चालक समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मरने वाले व्यक्ति की रविवार को शिनाख्त हो गई। उधर धरने पर बैठे सांसद ने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद तड़के धरना खत्म किया।
विज्ञापन
शनिवार की रात करीब नौ बजे बांदा की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने कई लोगों को रौंद दिया। उसे रोकने के लिए यहां थाने के सामने हाइवे पर खड़े किए गए छोटे-बड़े वाहनों को भी रौंदकर ट्रक निकल गया। 36 वर्षीय दीप नारायण को ट्रक ने बुरी तरह रौंद डाला। उसके क्षत-विक्षत शव से शिनाख्त मुश्किल हो गई।
विज्ञापन
दूसरे दिन रविवार को पहचान हुई। वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला था और यहां बदौसा रोड पर वाहनों की डेंटिंग की दुकान किए था। घटना के समय वह नजदीक में अंडे की ठिलिया के पास खड़ा था। गंभीर रूप से घायलों में राजा सिंह (32) पुत्र रमन सिंह (अतर्रा), सोमचंद्र जाटव (48) पुत्र दयाल जाटव (अतर्रा) और शिवपूजन (36) पुत्र धनुआ (ब्योंजा) शामिल हैं।
देर रात सांसद भैरों प्रसाद मिश्र भी अतर्रा आ गए और घटना स्थल पर अन्य नागरिकों के साथ धरने पर बैठ गए। स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। डीएम सुरेश कुमार, डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी और एसपी राकेश शंकर तथा सीमएओ आरके सिंह भी देर रात घटना स्थल आ गए। कई थानों का भारी संख्या में फोर्स बुला लिया गया।
अधिकारियों और सांसद के बीच तड़के तक बातचीत चली। मुआवजा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ। उधर, गोवंशों से भरे ट्रक को पुलिस ने बदौसा थाने में खड़ा कर दिया है। उसमें 30 बैल बताए गए हैं। सीओ राजेश सिंह ने बताया कि इन्हें आसपास के लोगों के सुपुर्द किया गया है।
सीओ के मुताबिक उस्मान अली पुत्र बुद्धन निवासी सिराथू (कौशांबी) को गिरफ्तार जेल भेजा गया है। वह ट्रक क्लीनर बताया गया है। उसके बताए जाने के मुताबिक ट्रक चालक समीर उर्फ बंदरा (सिराथू) सहित कई अन्य अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, अतर्रा में दूसरे दिन भी दुकानें बंद रहीं।
सांसद और एसपी में नोंकझोंक
अतर्रा। धरने पर बैठे सांसद भैरों प्रसाद मिश्र और एसपी राकेश शंकर के बीच हल्की-फुल्की नोंकझोक भी हुई। एसपी का कहना था कि मृतकों और घायलों को नियम व शर्तों के अनुसार ही मुआवजा दिलाया जा सकता है।
उधर, सांसद चाहते थे कि तत्काल मुआवजा मिले। इस पर एसपी ने सांसद से अनुरोध किया कि अपनी निधि से कुछ मुआवजे की घोषणा कर दीजिए। इस पर सांसद बोले कि उनके हाथ बंधे हैं। इस पर एसपी ने तत्काल नहले पे दहले की तर्ज पर कहा उनके भी हाथ नियम और कानून से बंधे हैं।
इंचार्ज थाना प्रभारी लाइन हाजिर
अतर्रा। ट्रक हादसे मामले में स्थानीय थाना पुलिस भी लोगों के निशाने पर है। इंचार्ज थाना प्रभारी से क्षेत्रीय लोग खफा हैं। नतीजे में इंचार्ज उप निरीक्षक आलोक सिंह को पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
बांदा पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर सरपट भाग रहे ट्रक को रोकने के लिए वायरलेस से मिले मैसेज पर उप निरीक्षक आलोक सिंह ने अतर्रा थाने के सामने कुछ लोगों के वाहन सड़क पर खड़े करवा दिए। एक कैंपर को भी रोक लिया। उस पर कई लोग सवार थे। गनीमत रह रही कि अधिवक्ता अमर सिंह राठौर ने सवारियों को कैंपर से जबरन उतरवा दिया।
बाद में ट्रक ने इस कैंपर को भी भीषण ठोकर मारी। कैंपर उछलकर नजदीक लगे ट्रांसफार्मर पोल पर जा टकराई और टूट-फूट गईं। अगर सवारियां न उतारी जातीं तो सभी की जान चली जाती। थाना इंचार्ज द्वारा वाहनों को जबरन खड़ा कराया जाना ही जानलेवा बना।
लोगों का कहना है कि अवरोध के रूप में वाहन न खड़े किए जाते तो ट्रक सीधे निकल जाता। अवरोध के बाद भी उसे रोका नहीं जा सका और एक जान चली गई कई घायल हो गए। क्षेत्रीय लोगों की नाराजगी के मद्देनजर उप निरीक्षक आलोक सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मुआवजे का भरोसा दिया
अतर्रा। घटना स्थल पर आक्रोशित लोगों को समझाते हुए देर रात डीएम सुरेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि मृतक के आश्रितों को 10 लाख, गंभीर घायलों को दो-दो लाख और साधारण घायलों को एक लाख मदद दिए जाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुई बाइक, रिक्शे और साइकिलों का भी मुआवजा दिलाया जाएगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।