बलरामपुर। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के महामंत्री पद के चुनाव में बराबर मत मिलने के बाद एल्डर कमेटी ने अनोखा फैसला सुनाया। सोमवार को हुई बैठक में कमेटी ने अशोक कुमार मिश्रा और राजेश कुमार मिश्रा को संयुक्त रूप से महामंत्री घोषित करते हुए दोनों को छह-छह माह तक कार्यभार संभालने की जिम्मेदारी सौंपी।
महामंत्री पद के चुनाव में दोनों प्रत्याशियों को 251-251 मत मिले थे, जिससे परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। मामले में निर्णय लेने की जिम्मेदारी एल्डर कमेटी को दी गई थी। एल्डर कमेटी के संरक्षक हरिराम पांडेय ने बताया कि चुनाव में तीन प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के दौरान दो मतपत्रों को हस्ताक्षर और कटिंग के कारण अवैध घोषित कर दिया गया। तीसरे प्रत्याशी सतीश श्रीवास्तव को 97 मत प्राप्त हुए। बराबर मत मिलने के कारण शनिवार को परिणाम घोषित नहीं हो सका था। सोमवार को एल्डर कमेटी के सदस्य हरिराम पांडेय, जेपी त्रिपाठी, ओंकार नाथ पांडेय और गयास अहमद ने बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दोनों प्रत्याशियों को बिना किसी भेदभाव के छह-छह माह के लिए संयुक्त महामंत्री बनाया जाए। एल्डर कमेटी के इस फैसले का अधिवक्ताओं ने स्वागत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह, जिला बार संघ अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने दोनों को बधाई दी।