UP Chunav 2022: हेलीकाप्टर लैंड होते ही हवा में उड़ गया टेंट, केशव मौर्य बोले- 10 मार्च के बाद सपा बनेगी समाप्तवादी पार्टी
बलिया में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी 10 मार्च के बाद समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी। पहले भी सपा सरकार को प्रदेश की जनता देख चुकी है। हम लोगों ने पिछले पांच सालों से प्रदेश की जनता की पूरी ईमानदारी से सेवा की है।
उक्त बातें प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को बैरिया, बांसडीह और बेल्थरारोड में आयोजित तीन विधानसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में कहीं।
बैरिया के जूनियर हाईस्कूल तालिबपुर में भाजपा प्रत्याशी आनंद स्वरूप शुक्ल के पक्ष में कहा कि तीन मार्च को 11 बजे ही सपा के लिए 12 बज जाएंगे। अखिलेश अपना करहल नहीं बचा पाएंगे और प्रदेश में तो सपा की लुटिया ही डूब चुकी है। हम फ्री में राशन दे रहे हैं।
सपा की सरकार होती तो फ्री राशन सरकार में बैठे लोग खा गए होते और आपको भाषण खिलाकर चले जाते। बिजली, फ्री गैस सिलेंडर, मकान, जमीन आदि उपलब्ध कराने के संकल्प को दुहराते हुए कहा कि 2017 से अब तक ट्रेलर चल रहा था, 11 मार्च से पूरी फिल्म चलेगी।
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मतदान से पूर्व अयोध्या, काशी, मथुरा का स्मरण कर लीजिएगा। महाराणा प्रताप के झंडे का रंग भगवा था, छत्रपति शिवाजी के झंडे का रंग भगवा था, हम भी भगवाधारी हैं। सहतवार पोखरा पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केतकी सिंह के विधायक और भाजपा की सरकार बनने पर सहतवार नगर पंचायत का नामकरण चैनराम बाबा के नाम से किया जाएगा।
चुनाव बाद विकास रूपी ब्याज सहित आपको वापस करूंगा। प्रदेश की डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के सबको साथ लेते हुए सबका समान भाव से विकास कर रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश ने कहा कि हम 70 सीटें जीतेंगे।
हुआ क्या ? मात्र पांच सीटों पर सिमट कर रह गए। 2017 में 300 का दावा किया मात्र 47 सीटें हासिल हुईं। एक बार फिर 300 पार होने की बात कर रहे हैं। इस बार उन्हें 40 सीटें ही मिलेगीं। बेल्थरारोड के जीएमएएम इंटर कॉलेज के मैदान में केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि पिछले पांच चरण के चुनाव में साइकिल पंक्चर हो गई है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार गरीबों को होली के साथ दीपावली में भी मुफ्त सिलेंडर देने जा रही है। विधवा, विकलांग, वृद्ध पेन्शन को 1500 दिया जाएगा। शादी का अनुदान एक लाख कर दिया जाएगा।
इस मौके पर सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, सांसद रविंद कुशवाहा, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व विधायक विक्रमा सिंह, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, मुक्तेश्वर सिंह, मनटन वर्मा, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान , जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, विनोद शंकर दुबे, केतकी सिंह, अरविंद गांधी, पूर्व विधायक गोरख पासवान, नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त आदि मौजूद रहे।
हवा में उड़ा टेंट
पोखरे पर हेलीकाप्टर लैंड होते समय अतिथियों के नाश्ते के लिए बना टेंट हवा में उड़ गया। जनसभा को संबोधित करते समय नेत्री केतकी सिंह की आंखों से आंसू छलके पड़े। गांव-गांव जनसम्पर्क करते समय कई जगह पर विपक्षी दल के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया इसका उन्होंने जिक्र किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सहतवार के गाजर के हलवे को भी याद किया।