बलिया: असंतुलित बाइक कार से टकराई, हादसे में पति-पत्नी व बच्ची की मौत, मासूम गंभीर
ससुराल से पत्नी की विदाई कराकर बाइक से घर लौट रहे पति पत्नी एवं मासूम पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। डेढ़ साल का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही के चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर किया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा शनिवार को दोपहर में पौने तीन बजे नरही थाना क्षेत्र के सोहावं मिशन के पास हुआ। मृतक नरही बाजार में चाऊमीन की दुकान चलाता था, जिससे परिवार का खर्च चलता था।
नरही गांव निवासी शिवशंकर राजभर का पुत्र गुलाब राजभर 30 वर्ष दो दिन पहले बाइक से ससुराल गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना अंतर्गत टोडरपुर गुंबा गांव गया था। शनिवार को पत्नी की विदाई कराकर बाइक से घर आ रहा था। उसके साथ डेढ़ साल का मासूम बेटा व एक माह की बेटी भी थी।
सोहावं मिशन के पास पहुंचे ही थे कि बाइक असंतुलित होकर ब्रेजा कार से टकराते हुए सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के सामने आ गई। इसके बाद हुई जोरदार टक्कर से गुलाब राजभर (30), पत्नी सीमा (25) व एक माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। डेढ़ साल का पुत्र अंश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाया। वहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मासूम को उपचार के लिए सीएचसी नरही ले गई। वहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।