टाउन पॉलिटेक्निक हत्याकांड: दोस्त ने ही गला दबाकर की थी युवती की हत्या, साथ में रखता था असलहा
हत्यारोपी ने 22 मई को युवती की हत्या कर दी थी, 23 को पुलिस को लाश मिली थी। उसके पास से असलहा व कारतूस बरामद हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक पखवारा पहले बलिया जिले के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के परिखरा स्थित टाउन पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल के पीछे एक युवती का शव बरामद हुआ था। बांसडीह रोड पुलिस ने हत्या का मामला का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने रविवार को इसका खुलासा कर बांसडीह रोड स्टेशन मोड़ के पास से हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। वहीं उसके पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड व दिल्ली में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लाइन के सभागार में रविवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 23 मई 2021 को बांसडीह रोड थाना अंतर्गत टाउन पॉलिटेक्निक के हॉस्टल के पीछे एक युवती का शव मिला था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद इसके जांच के लिए थानाध्यक्ष बांसडीह रोड को निर्देशित किया था।
निर्देश के क्रम में थानाध्यक्ष बांसडीहरोड सुनील कुमार लाम्बा ने अपने हमराहियों के संग घटना स्थल से अभिलेखीय व इलेक्ट्रॉनिकी साक्ष्य के आधार पर रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी रोहित सिंह पुत्र जितेंद्र बहादुर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह निवासी कछुआ थाना दुबहड़ को बांसडीह रोड स्टेशन मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। वहीं उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया। एएसपी ने कहा कि पूछताछ आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतका से उसकी दोस्ती थी।
उसने कहा कि 22 मई को टाउन पॉलिटेक्निक परिसर में महिला मित्र (मृतका) के साथ विवाद हो गया था। जिसमें मैंने उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद से मैं इधर-उधर छिपता रहा। वहीं अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा व कारतूस पास में रखा था।
आरोपी पर उत्तराखंड व दिल्ली में भी दर्ज हैं मुकदमे
एएसपी ने बताया कि आरोपी पर आर्म्स एक्ट, हत्या व दुष्कर्म के साथ एससी-एसटी एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा थाना बांसडीह रोड में दर्ज कर जेल भेज दिया गया। यह भी बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हरिद्वार (उत्तराखंड) में चोरी एवं कमला मार्केट दिल्ली में हत्या का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ सुनील कुमार लाम्बा, उप निरीक्षक राजीव कुमार, कांस्टेबल दिनेश चन्द्र यादव, दिलीप यादव, आकाश रावत आदि रहे।