बेल्थरारोड। कड़सर ग्राम में रविवार को उप जिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय, क्षेत्राधिकारी शिवनारायण वैस, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में राजस्वकर्मियों ने मातुजी महारानी मंदिर के पुजारी आनंद पांडेय की भूमि का आम सहमति से चिह्नाकन किया। इसके बाद एसडीएम ने जूस पिलाकर पांडेय का अनशन समाप्त कराया।
कड़सर ग्राम में पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इस दौरान पुजारी पांडेय ने बीते 25 अप्रैल को एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। अपनी भूमि पर पंचायत भवन का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए पैमाइश की मांग की। उनके प्रार्थना पत्र पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो 26 अप्रैल को तहसील प्रांगण में अनशन शुरू कर दिया। वहां से हटाने पर वे गांव चले गए और वहां अनशन शुरू कर दिया। इस पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, एसएचओ व राजस्व कर्मियों की टीम रविवार को मौके पर पहुंची तथा भूमि का चिन्हांकन किया। भूमि चिन्हांकन से पांडेय ने संतोष प्रकट किया। इसके बाद एसडीएम ने पांडेय को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते भूमि चिन्हांकन होने से पुजारी को जहां न्याय मिला, वहीं पंचायत भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। इससे सभी पक्षों ने राहत की सांस ली।