रेवती। रेलवे स्टेशन रेवती को हॉल्ट स्टेशन का दर्जा दिए जाने की चर्चा से आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों ने मंगलवार को रेल संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक आनंद प्रकाश मिश्र को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद स्टेशन पर चेतावनी सभा की गई। छपरा-बलिया के बीच रेवती स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव होने के बावजूद इसके साथ रेल विभाग नाइंसाफी करता रहा है। ब्राड गेज की लाइन बनने के बाद यह स्टेशन यथावत रहा लेकिन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न किए जाने के कारण 2004 से 2006 तक एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर एक बार ढाई घंटे और दूसरी बार 13 घंटों तक रेल चक्का जाम किया गया। इसके अलावा, कई बार धरना-प्रदर्शन के साथ 68 बार पत्राचार कर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग यहां के लोगों द्वारा उठाई गई, तब जाकर सारनाथ तथा उत्सर्ग एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति मिली। अभी अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग चल रही थी कि रेवती को हॉल्ट स्टेशन का दर्जा दिए जाने की चर्चा है। चेतावनी सभा को संबोधित करते हुए रेल आंदोलन संघर्ष समिति के अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती है तो सभी दलों के लोगों को एकजुट कर लोकतांत्रिक तरीके से स्टेशन बहाली को संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर ओम प्रकाश कुंवर, भोला ओझा, चंदन सिंह, छोटक पांडेय, वीरेंद्र सिंह, हीरालाल पांडेय, रमेश गोंड, जितेंद्र चौहान, उपेंद्र पटेल, कृष्णा शाह, अर्जुन कुंवर आदि रहे।