सुनील हत्याकांड: बलिया में दो अभियुक्त अरेस्ट...अन्य की तलाश तेज, चार माह पहले हुई थी शादी; पत्नी-मां बेसुध
Ballia News: इस मामले में सीओ ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की खोजबीन में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी पकड़ में होंगे। अन्य आरोपियों की बिहार में छुपे होने की संभावना में पुलिस सीमावर्ती थानों क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है।
विस्तार
सुनील हत्याकांड मामले में पुलिस ने सोमवार को नीरुपुर-पिंडारी मार्ग पर रविदास मंदिर के पास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास से अभियुक्त श्रवण दूबे व अखिलेश राय को गिरफ्तार किया। सीओ बैरिया फहीम कुरैसी ने बताया कि श्रवण पर पूर्व में चार मुकदमा व अखिलेश पर एक मुकदमा दर्ज है।
निरूपुर गांव स्थित मृतक सुनील यादव के घर पर लोगों का तांता लगातार लगा हुआ। घटना के तीसरे दिन भी परिजनों के आंसू थम नहीं रहा है। सांत्वना देने मित्र व रिश्तेदार दरवाजे पर पहुंच रहा तो महिलाओं का करुण क्रंदन व चीत्कार शुरु हो जा रही है। महिलाओं को रोता देख पुरुष भी फफक-फफक कर रोने लगते हैं।
परिजनों को ढांढस बंधाने आने वाले सभी की जुबां पर एक ही बात तैर रही थी कि न केवल सुनील व्यवहारशील था, बल्कि मिलनसार भी था। सुनील की मां माया देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं, जब भी होश आता उसके मुंह से यही निकल रहा था कि बेटा मुझे भी साथ लेकर क्यों नहीं गया? मृतक के छोटे भाई सूरज व अभिषेक ने कहा कि भैया की किसी के साथ कोई दुश्मनी भी नहीं थी।
दो पक्षों के विवाद में चली गोली से सुनील की हुई मौत
नीरुपुर ढाले पर शनिवार की शाम दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में चली गोली से टेंट कारोबारी सुनील यादव की मौत हो गई। सुनील की शादी चार माह पूर्व हल्दी गांव में हुई थी। परिवार का एकलौता कमाऊ सदस्य था। पत्नी प्रियंका किंकर्त्तव्यविमूढ़ हो गई है। कभी वह रो रही है तो कभी एकदम चुप होकर लोगों को बारी-बारी से टकटकी लगाए देख रही है। वहीं, दोनों छोटे भाईयों का हाल रोते-रोते बेहाल हो गया। पिता शिवशंकर यादव बड़े बेटे की मौत से पूरी तरह टूट गए हैं।
खामोशी की चादर में लिपटा नई बस्ती नीरुपुर
हल्दी थाना क्षेत्र नीरुपुर ढाले पर शनिवार की शाम चली गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके को खामोश कर दिया है। मृतक के गांव व आसपास के इलाके में खामोशी का माहौल है। कोई कुछ बोलने को तैयार नही है, पर चर्चाओं के बीच दो अन्य गुटों की तनातनी घटना की वजह मानी जा रही है। बर्थडे पार्टी से लौट रहे सुनील की नीरुपुर ढाले पर गोली लगने से मौत हो गई।
रात नौ बजे तक गुलजार रहने वाला नीरुपुर ढाला व बाजार में घटना के बाद सन्नाटा पसर जा रहा है। इन सन्नाटों को अगर कुछ चीर रहा है तो मृतक के घर गूंज रहा करुण, क्रंदन और चीत्कार। नई बस्ती नीरुपुर के ग्रामीण अपनी दिनचर्या ही भूल गए हैं। पुलिस का च्रकमण बढ़ गया है।