बेरुआरबारी। जयनारायण इंटर कॉलेज दुर्गीपुर बेरुआरबारी की 12वीं की छात्रा नंदिनी ने दस अक्तूबर को कालेज की छत पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के लिए कारण उसका इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा था जहां उसने रविवार की दोपहर एक बजे दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होते ही धनौती में शोक की लहर दौड़ गई।
छात्रा की मौत की खबर सुनकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में भी शोक छा गया। छात्रा ने क्यों आग लगाई, इसका राज उसकी मौत के साथ ही दफन हो गया। छात्रा ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया या नहीं, यह भी राज ही रह गया है। 10 अक्तूबर को क्षेत्र के जय नारायण इंटर कॉलेज दुर्गीपुर बेरुआरबारी में पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा नंदनी ने कॉलेज के छत पर चढ़कर अपने शरीर पर पेट्रोल गिराकर आग के हवाले कर दिया। छात्रा की शोरगुल सुन कालेज के शिक्षक, छात्र-छात्रा मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसके परिजनों व पुलिस को सूचना देने के बाद पीएचसी बेरूआरबारी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल तथा जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया था। जिसका इलाज वाराणसी में चल रहा था, जहां उसने रविवाद की दोपहर दम तोड़ दिया। यह जानकारी मृतक के बड़े भाई दीपू सिंह ने मोबाइल से दी।