UP News: BMC चुनाव में ताल ठोकेगी सुभासपा, ओमप्रकाश राजभर बोले- उद्धव ठाकरे के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दो दिन पहले मुंबई में उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। उनका दावा है कि उद्धव ठाकरे ने सुभासपा के साथ बीएमसी चुनाव लड़ने की सहमति दी है।
विस्तार
देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगर निगम यानी बीएमसी चुनाव में इस बार सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी ताल ठोकेगी। इसकी पुष्टि खुद सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने की है। बुधवार को बलिया के रसड़ा में मीडिया से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह बीएमसी चुनाव उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना से मिलकर लड़ेंगे।
बताया कि उनकी दो दिन पहले शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे से मुंबई में मुलाकात हुई है। इसमें उनकी ठाकरे से बीएमसी चुनाव को लेकर बातचीत हुई है। उन्होंने दावा किया है कि ठाकरे ने बीएमसी चुनाव सुभासपा के साथ मिलकर लड़ने पर सहमति जताई है।
अखिलेश यादव की स्थिति विनाश काले विपरीत बुद्धि जैसी
उन्होंने रामचरित मानस व शुद्र को लेकर छिड़े विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि पदोन्नति में आरक्षण का विरोध करने व पिछड़े वर्ग के हितों की अनदेखी करने वाली सपा दलित व पिछड़े वर्ग का समर्थन हासिल करने में नाकाम रहेगी। तंज कसते हुए कहा कि सपा को स्वामी प्रसाद मौर्य के जरिए कुछ भी हासिल नहीं होगा।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्थिति विनाश काल विपरीत बुद्धि की हो गई है। मौर्य मजबूत नेता नहीं हैं। वह जनाधार वाले नेता रहते तो विधानसभा चुनाव में हार नहीं जाते और उन्हें विधान परिषद के चोर दरवाजे से सदन में नहीं जाना पड़ता।