बांसडीह/घोघा। समाजवादी पार्टी को किसी से बैर नहीं। कोरोना काल में सपा कार्यकर्ताओं ने बांसडीह विधानसभा के हर गांव में जाकर हर संभव मदद करने का प्रयास किया। हमने किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं रखा। यह बातें नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान बांसडीह स्थित सपा कार्यालय पर पत्रकारों के समक्ष कही।
कहा कि हर सुख दु:ख में समाजवादी पार्टी आमजन के साथ खड़ी है। वर्तमान सरकार सपा द्वारा किए गए कार्यों को ही जनता के बीच भुनाने का काम कर रही है। अखिलेश सरकार की ही देन है कि अस्पताल तक जाने में मरीजों को कोई परेशानी नहीं होती है। बलिया-शिवरामपुर स्थित गंगा नदी पर प्रदेश का सबसे बड़ा पुल सपा सरकार ने बनवाने का काम किया। जिसका अभी तक अप्रोच सही नहीं हो सका यह देखकर दु:ख हो रहा है। सपा सरकार में बन रहे बांसडीह के चांदपुर पर सरयू नदी का निर्माणाधीन पुल व दरौली घाट पर बना पुल पैसे के अभाव में नहीं बन रहा है। प्रदेश सरकार इन सभी कार्यों का पैसा नहीं दे रही है। इसके पूर्व नेता प्रतिपक्ष छोटकी सेरिया गांव पहुंचे, जहां होली के दिन एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद मनियर के रिगवन में बिजली कर्मियों द्वारा चेकिंग के दौरान मारपीट में रामप्रवेश गोंड की हत्या पर शोक संवदेना प्रकट किया। इस मौके पर हरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, बिहारी पांडेय, संकल्प सिंह, राणा कुणाल सिंह, राहुल सिंह, जेपी यादव, रमाशंकर यादव, शिवनरायन राय, धर्मेंद्र मणिक आदि रहे।