बलिया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी यातायात विभाग द्वारा सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसके तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन से रैली निकाल कर आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली यातायात प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस लाइन से निकलकर कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कालेज चौराहा, गड़वार तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पर जाकर समाप्त हो गई। इस दौरान रिक्रूट आरक्षियों द्वारा पंफलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, यातायात नोडल अधिकारी/ सीओ सिटी एके सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अरूण सिंह, शहर कोतवाल विपिन सिंह, सिविल लाइन चौकी प्रभारी सूरज सिंह, ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी अमित सिंह एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।