कैदियों का दूसरे दिन भी हंगामा: बलिया जिला जेल में बैरक खोलने पहुंचे प्रभारी कारापाल पर हमला, कई पर एफआईआर
तहरीर पर 19 नामजद और सैकड़ों अज्ञात बंदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिला कारागार में लगातार दूसरे दिन बंदियों का हंगामा हुआ है। पुलिस बल ने पहुंचकर मामला शांत कराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया जिला कारागार में गुरुवार की सुबह बैरक खोलने पहुंचे प्रभारी कारापाल के ऊपर बंदी हमलावर हो गए। इससे एक बार फिर माहौल खराब हो गया। सूचना पर सीओ सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट फोर्स के साथ जेल में पहुंचे और किसी तरीके से बंदियों को शांत कराया गया। जिला कारागार में बुधवार शाम और बृहस्पतिवार सुबह हुए बवाल में प्रभारी कारापाल की तहरीर पर 19 बंदियों को नामजद करते हुए सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बुधवार को जिला कारागार में चेकिंग के दौरान बैरक नंबर दो से 14 मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद करने के बाद बुधवार शाम को बंदियों ने हंगामा शुरू कर दिया था। पुलिस को दी गई तहरीर में प्रभारी कारापाल जितेंद्र कश्यप ने बताया कि बंदी अजीत चौबे पुत्र शिवाकांत चौबे, कौशल चौबे पुत्र कमलाकांत चौबे, शशांक मिश्रा पुत्र शिवशंकर मिश्रा, प्रयाग सिंह पुत्र परमात्मानंद सिंह आदि ने मुखर होकर सभी बंदियों को भड़काया और आक्रोश पैदा कर दिया गया।
हंगामा होने पर इसकी सूचना जिला प्रशासन और कारागार मुख्यालय को दी गई। सूचना पर जिला प्रशासन की टीम कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ जेल पहुंची। देर रात किसी तरीके से बंदियों को उनके बैरक में बंद करा दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह प्रभारी कारापाल जितेंद्र कश्यप स्टाफ के साथ सुबह 6:30 बजे बैरकों को खुलवाने पहुंचे तो बैरक नंबर चार के बंदी अजीत चौबे पुत्र शिवाकांत चौबे सुधीर सिंह पुत्र कमल सिंह आदि ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
इस पर जितेंद्र कुमार कश्यप बाहर की तरफ भागे। जितेंद्र कश्यप ने आरोप लगाया कि इन बंदियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। साथियों ने किसी तरीके से उनको बाहर निकाला। हमले में प्रभारी कारापाल के साथ ही भूषण सिंह और अमरनाथ यादव जेल वार्डन आदि घायल हो गए। इसकी सूचना जिला प्रशासन को देने पर सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, सीओ सिटी भूषण वर्मा के साथ ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। बंदियों को किसी तरीके से शांत कराया।
इन लोगों पर दर्ज कराई गई एफआईआर
बलिया। कृष्णा सिंह, हरिओम सिंह, जयप्रकाश यादव, सुदामा, कौशल चौबे, प्रयाग सिंह, राजेश कुमार, अनु सिंहष अमित गुप्ता, सुधीर सिंह, विवेक सिंह, सुशील कुमार, संदीप रावत, चंदन यादव, शशांक, हैप्पी तिवारी, अमरजीत सिंहस सेना कुमार, अजीत चौबे और सैकड़ों अज्ञात शामिल हैं।