दया छपरा। नवरंगा गंगा घाट पर बनने वाला पीपा पुल अब तक नहीं बनने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। पीपा पुल का संचालन नहीं होने के कारण गंगा पार के क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय आना-जाना मुश्किल भरा काम हो गया है।
शासन के नियमानुसार हर साल 15 अक्तूबर को पीपा पुल बन जाना चाहिए व 15 जून को पीपा पुल को हटा लिया जाता है। लेकिन नवरंगा गंगा घाट पर बनने वाला पीपा पुल निर्धारित समय के करीब चार माह बाद भी नहीं बन सका है। बताया जाता है कि पुल निर्माण के लिए गंगा के उत्तरी छोर से बन गया है लेकिन दक्षिणी छोर पर नवरंगा के तरफ का नोज आज 10 दिनों से निर्माण का रास्ता देख रहा है। पीपा पुल का संचालन नहीं होने के कारण ग्रामीणों व खासकर कर शादी विवाह कार्य को लेकर आने वाले लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए 28 किमी के स्थान 75 किमी की दूरी तय करना पड़ रहा है। 29 दिसम्बर को नवरंगा गंगा घाट पर पुल बनाने का काम तो विभागीय कर्मियों ने शुरु किया लेकिन कब तक बन कर तैयार होगा यह बताने वाला कोई नहीं है। नवरंगा भुवाल छपरा निवासी रमाकांत ठाकुर, फेकू बाबा के पुजारी अक्षय चौबे, छात्रनेता मैनेजर सिंह, विनोद ठाकुर आदि ने बताया कि पीपा पुल निर्माण को लेकर विभाग उदासीन बना हुआ है।