बलिया: कोरोना का टीका लगने के बाद बिगड़ी वृद्ध की तबीयत, तीन घंटे बाद हुआ इलाज
बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी वृद्ध की तबियत कोरोना टीका लगवाने के बाद खराब हो गई। मंगलवार की सुबह तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन न्यू पीएचसी गंगापुर ले गए। वहां चिकित्सकों के अभाव में घंटो परेशान रहे। जब इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को हुई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद सीएमओ ने सोनवानी सीएचसी के चिकित्सक को मौके पर भेजा, तब जाकर तीन घंटे बाद वृद्ध का उपचार हो सका।
बलिहार गांव निवासी साठ वर्षीय युधिष्ठिर मिश्रा ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर पर कोरोना का टीका लगवाया था। टीका लगने के बाद से ही उनकी स्थिति बिगड़ने लगी। मंगलवार की सुबह ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर परिजन न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर ले गए, जहां चिकित्सक पहुंचे ही नहीं थे। जब काफी देर हो गई तो परिजनों और गांव के अन्य लोगों ने हंगामा शुरू किया।
तभी वहां समाजसेवी अंगद मिश्रा पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी सीएमओ को दी। सीएमओ के निर्देश पर तीन घंटे बाद पहुंचे सीएचसी सोनवानी के चिकित्सक एम अहमद ने पीड़ित का उपचार किया। गांव के लोगों ने न्यू पीएचसी गंगापुर पर चिकित्सक न होने और साफ सफाई नहीं रहने को लेकर हंगामा भी मचाया। गांव वालों ने आरोप लगाया कि जब पीड़ित को न्यू पीएचसी गंगापुर पर ले जाया गया, तो वहां मौजूद वार्ड ब्वॉय ने कहा कि यहां कोई चिकित्सक नहीं है जिला मुख्यालय ले जाइए।
गांव के हनुमंत मिश्रा ने बताया कि जब लोगों ने हंगामा किया और अस्पताल के हाजिरी रजिस्टर पर डॉक्टर को अनुपस्थित करना चाहा तो अस्पताल के एक कर्मचारी ने उनके हाथ से रजिस्टर छीन लिया।
चिकित्सक एम अहमद ने बताया कि युधिष्ठिर मिश्रा को कोरोना का टीका लगाया गया था। इसके बाद उन्हें बुखार आया था। उपचार किया गया है। अनुपस्थित फार्मासिस्ट विनोद कुमार का वेतन रोकने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है और कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।