बलिया जनपद में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बलिया शाखा का पद ग्रहण समारोह रविवार की शाम नगर के एक निजी होटल में आयोजित किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर डॉ. डी राय, सचिव डॉ. एके गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र गुप्ता को नवनिर्वाचित पद पर पदभार ग्रहण कराया गया। विगत सप्ताह चुनाव अधिकारी डॉ. आरके केजरीवाल द्वारा चुनाव की प्रक्रिया ऑनलाइन के माध्यम से संपन्न हुई थी।
पदभार ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज पांडेय ने कहा कि किसी भी संगठन को तेजी से आगे बढ़ने के लिए जरूरी है कि उनके अंदर एकजुटता हो बिना एकजुटता हम किसी भी कार्य को नहीं कर सकते हैं। उन्होंने आई एमए के नवनिर्वाचित अधिकारियों को बधाई दिया। इस मौके पर जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सा संवर्ग से जुड़े हम सभी चिकित्सकों को एकजुट होने का समय आ गया है बिना एकजुट हुए हम किसी भी बात का प्रतिकार नहीं कर सकते हैं। हमेशा चिकित्सकों पर हमले होते हैं लेकिन हम अपने बात सही तरीके से नहीं रख पाते हैं। जिसका लाभ शासन प्रशासन के लोग भी उठाते रहते हैं। इस मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. डी राय ने कहा कि हम लोगों के चिकित्सा पेशे में सेवा करना ही मूल मंत्र माना गया है। हम भी चाहते हैं कि किसी भी चिकित्सक के यहां कोई घटना या दुर्घटना ना हो लेकिन कभी-कभी इस तरह के घटनाएं हो जाती हैं। जिससे हम सभी चिकित्सकों को काफी परेशान होना पड़ता है उन्होंने सुझाव दिया कि पांच चिकित्सकों का एक रिस्पांस टीम बनाई जाए। जिसके जरिए हम कोई भी घटना हो तो तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित चिकित्सक की मदद कर सकें। नवनिर्वाचित सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा सेवा से जुड़ा हर कोई लोगों को जीवन देने का काम करता है लेकिन किसी प्रकार अगर कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए चिकित्सक को ही जिम्मेदार ठहराया जाता है। यह बहुत ही गलत है। इस मौके पर जिले के चिकित्सकों ने अपनी- अपनी बातें रखी। इस मौके पर डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. पीके सिंह गहलोत, डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. संतोष कुमार चौधरी डॉ. संतोष कुमार, डॉ. एके स्वर्णकार डॉ. एके सिंह, डॉ. मिथिलेश सिंह, डॉ. आरके केजरीवाल, डॉ. अनिल सोनी आदि चिकित्सक मौजूद रहे। अध्यक्षता डॉ. अशोक कुमार सिंह तथा संचालन डॉ. बीके गुप्ता ने किया।