बलिया। नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवा सुरक्षा समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में भी जारी रहा। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें सेवा सुरक्षा, वेतन, चिकित्सा सुविधा और भविष्य की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, कर्मचारियों और उनके आश्रितों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, सभी संविदा कर्मियों के लिए ईपीएफ की व्यवस्था तथा रिक्त पदों के सापेक्ष स्थानांतरण की सुविधा शामिल है। आंदोलन का नेतृत्व जोनल अध्यक्ष हिमांशु सिंह, जिलाध्यक्ष मिथिलेश गिरी, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, संरक्षक आशुतोष सिंह, महामंत्री शैलेश श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता आदि रहे हैं।