बलियाः वह घर से दूध पहुंचाने के लिए निकला था, हत्यारों ने दौड़ाकर मारी गोली
- रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव के समीप पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप
- हत्या के बाद भागते समय गांव के ही एक व्यक्ति की चालक समेत बोलेरो लेकर भागे थे आरोपी
- बांसडीह थाना के सुल्तान चौकी क्षेत्र में पुलिस ने बदमाशों की बोलेरो व चालक को पकड़ा
- मृतक के पिता की तहरीर पर चार के विरूद्ध नामजद मुकदमा, बोलेरो चालक समेत दो हिरासत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे दूध देकर लौट रहे युवक को बदमाशों ने दौड़ाकर गोली मार दी। कनपटी पर गोली लगने से उसकी तत्काल मौत हो गई। हत्या के बाद भागते समय बदमाशों ने गांव के ही एक व्यक्ति की बोलेरो असलहे के दम पर चालक समेत कब्जे में लिया और फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स के साथ एसपी देवेंद्रनाथ, एएसपी संजय कुमार, सीओ बैरिया अशोक कुमार सिंह गांव में पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
रेवती थाना में मृतक के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वारदात के बाद भागते समय ले गई बोलेरो को बांसडीह थाना क्षेत्र से चालक समेत बरामद कर लिया गया है। बोलेरो चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में 42 वर्षीय भूपेंद्र पटेल पुत्र रामजी पटेल निवासी नारायणगढ़ शुक्रवार की सुबह प्रतिदिन की भांति करीब छह बजे डेयरी फार्म पर दूध पहुंचाने आ रहा था।
इस दौरान सामने से आ रहे कुछ लोगों को देख उसे खतरे का आभास हुआ तो वापस गांव की तरफ दौड़ पड़ा। तब सामने से आ रहे लोगों ने उसे दौड़ा लिया और फायरिंग शुरू कर दी। पीठ में गोली लगने से भूपेंद्र जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह उठा और फिर भागने लगा। लेकिन गोली से घायल होने के कारण वह अधिक दूर तक नहीं जा सका और लगभग 200 मीटर की दूरी तय करने के बाद जगदंबा मंदिर के गेट से घुसकर पीछे की तरफ निकलते समय फिर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसके पास पहुंच और फिर कनपट्टी पर गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद हमलावर उत्तर दिशा में भागे। उन्होंने वहां खड़ी बोलेरो में बैठे गाड़ी मालिक राकेश साहनी को असलहा सटा कर नीचे उतार दिया। इसके बाद गाड़ी में बैठ कर ड्राइवर लालबाबू वर्मा को लेकर पूरब दिशा की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रेवती थानाध्यक्ष शैलेश सिंह ने छानबीन शुरू की। उधर, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ व एएसपी संजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस बीच बांसडीह कोतवाली के सुल्तानपुर त्रिमुहानी के पास बोलेरो व चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने तत्पतरता दिखाते हुए एक नामजद आरोपी भगवती सिंह को भी हिरासत में लिया है। मृतक के पिता रामजी पटेल ने अपने ही गांव के भगवती सिंह, उनके बेटे यशवंत सिंह, प्रकाश पांडेय व सोनू सिंह के विरुद्ध पुरानी रंजीश को लेकर हत्या करने की नामजद तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिस युवक की हत्या की गई है, उस पर भी हत्या का आरोप था। तीन-चार साल पहले ही वह हाईकोर्ट से जमानत पर छूटकर आया था। प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बदमाश जो बोलेरो लेकर भागे थे, उसे भी बरामद कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। - देवेंद्रनाथ, एसपी, बलिया
भगवती के बेटे सिंटू की हत्या का आरोपी था भूपेंद्र
मृतक भूपेंद्र भी नारायणगढ़ निवासी भगवती सिंह के पुत्र सिंटू सिंह के हत्या के आरोप में 12 वर्ष पूर्व जेल जा चुका है। रिकॉर्ड के मुताबिक 18 जून 2008 को भगवती सिंह के बेटे सिंटू की चाकू से गोद कर हत्या के मामले में मृतक भूपेंद्र मुख्य आरोपी था तथा सेशन कोर्ट से उसे सजा भी हुई थी। विगत तीन वर्षों से वह उच्च न्यायालय से जमानत लेकर गांव में ही रह रहा था। फिलहाल पुलिस उसी घटना को जोड़ कर छानबीन कर रही हैं।
पति की मौत के बाद मां बेटी दहाड़े मारकर रोने लगी
मृतक की पत्नी ममता देवी को जैसे ही हत्या की सूचना मिली वह दहाड़े मारकर रोने लगी। वहीं दो वर्षीय एकलौती पुत्री संध्या अपनी मम्मी को रोते देख पापा-पापा चिल्लाकर रोने लगी। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई उमाशंकर पटेल इंदौर में होटल का संचालन करता है। घटना स्थल पर सड़क पर अपने पुत्र को लेटे देख उसके पिता रामजी पटेल बेटे को पंजे से जकड़ कर रोने लगे।