बलिया। सदर तहसील स्थित राजकीय बालिका गृह निधरिया में शनिवार को 11वीं एनडीआरएफ वाराणसी की टीम ने एक दिवसीय स्कूल सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, नागरिक सुरक्षा कोर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को भूकंप, आग, बाढ़, सर्पदंश और भगदड़ जैसी आपात स्थितियों से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। निरीक्षक प्रवीण उपाध्याय के नेतृत्व में विशेषज्ञों ने आधुनिक उपकरणों के जरिए मॉक ड्रिल की और छात्राओं को प्राथमिक उपचार व सीपीआर देने की सही तकनीक सिखाई। रेडक्रॉस के जिला समन्वयक शैलेंद्र पाण्डेय ने बच्चों में आपदा जागरूकता को जरूरी बताया, वहीं बालिका गृह की अधीक्षिका अमिता जैन ने इस पहल की सराहना की। इस मौके पर अजय पाण्डेय, सोनी यादव, खुशबू तिवारी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।