माता-पिता गिरफ्तार: प्रेम-प्रसंग का विरोध होने पर बेटी ने की खुदकुशी, शव को ऑटो से गंगा किनारे फेंका
बलिया के हुकुमछपरा काली मंदिर से कुछ दूर गंगा किनारे दो दिन पहले एक अज्ञात युवती का शव मिला था। युवती की शिनाख्त होने पर पता चला कि उसे उसके माता-पिता ने ही फेंका था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया के हुकुमछपरा काली मंदिर से कुछ दूर गंगा किनारे मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। शव अंशु पटेल (20) पुत्री राम प्रवेश पटेल निवासी मुढ़ाडीह के पुरवा रुद्रपुर गायघाट का था। अंशु का किसी से प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर परिजनों ने उसकी पिटाई की थी। इससे आहत अंशु ने 16 अगस्त को घर में फांसी लगा आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने शव को ऑटो से ले जाकर गंगा किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने प्रकरण में माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 19 अगस्त के कार्यक्रम के वजह से पुलिसकर्मियों पर पहले ही दबाव था। ऐसे में अज्ञात युवती का शव मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक मिश्र, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह समेत पुलिस के आलाधिकारियों के हाथ-पांव फूल रहे थे।
एक फोन ने की पुलिस की मदद
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। शव की शिनाख्त को लेकर पुलिस हाथ-पांव मार रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हल्दी थानाध्यक्ष को एक सूत्र ने बुधवार देर रात फोन कर युवती का नाम-पता बताया। पुलिस जब मुढाडीह ग्राम सभा के रुद्रपुर गायघाट पहुंची और मृतका के पिता को फोटो दिखाया तो वो उसे अपनी बेटी बताने से मुकर गया।
पुलिस को करता रहा गुमराह
पुलिस ने पूछा की तुम्हारी बेटी कहां है। बताया गया कि वो रिश्तेदार के यहां गई है। रिश्तेदार के सामने आने का बाद मामला खुल कर सामने आ गया। पिता ने पूरी कहानी बयां कर दी। अंशु के पिता रामप्रवेश पटेल ने बताया कि वो अपने बाबा हीरा पटेल के साथ रहती थी। कुछ दिनों से वह किसी लड़के से प्रेम करती थी। घरवालों को इसका पता चला तो प्रेमी के बारे में पूछा। नहीं बताने पर मारपीट भी की।
मंगलवार सुबह पिता रामप्रवेश भैंस चराने व माता रेखा देवी खेत में काम करने चली गई तो अंशु ने फांसी लगाकर जान दे दी। घर के लड़कों ने जब अंशु को फंदे पर झूलते देखा तो शोर मचाया। परिजन उसे फंदे से उतार कर किसी निजी चिकित्सक के यहां ले गए तो उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिजन शव घर लाकर रात होने का इंतजार करने लगे। रात करीब 10 बजे ऑटो से गंगा किनारे ले जाकर शव फेंक दिया। प्रधान की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर युवती के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया।