{"_id":"5a5b9d314f1c1b8a268b4658","slug":"81515953457-ballia-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चार सिपाहियों के भरोसे 60 हजार की आबादी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चार सिपाहियों के भरोसे 60 हजार की आबादी
Updated Sun, 14 Jan 2018 11:40 PM IST
विज्ञापन
जयप्रकाशनगर। जनपद के आखिरी छोर पर स्थित चांददियर पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज समेत चार सिपाहियों के भरोसे 60 हजार आबादी की सुरक्षा है, जबकि चौकी पर एक एसआई, एक हेड कांस्टेबल व 12 सिपाहियों का मानक है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पर उंगली उठने लगी है। बैरिया थाना अंतर्गत चांद दियर चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज समेत चार लोगों के जिम्मे चांददियर, इब्राहिमाबाद उपरवार, अठगांवा, टोला शिवन राय, शोभा छपरा, नवका टोला, नेका राय के टोला, ठेकहा, बकुल्हा, टोला बाज राय, टोला फतेहराय, टोला रिसाल राय, टोला फकरू राय, यादव नगर नई बस्ती, फिरंगी टोला, प्लटूनगर सहित दर्जनों गांवों के करीब 60 हजार की आबादी की सुरक्षा है। जिले के अंतिम छोर पर स्थित इस चौकी की काफी जिम्मेदारी है। इस मार्ग पर स्थित जयप्रभा सेतु के उस पार बिहार सीमा में जहां बिहार ने चुस्त-दुरूस्त बंदोबस्त कर रखा है। वहीं इस चौकी पर सारी व्यवस्था राम भरोसे चल रही है। सिपाहियों के अभाव में लंबे समय से पिकेट बंद है। जिसका लाभ तस्कर उठा रहे हैं। आलम यह है कि कोई भी ट्रक या पिकअप इस रूट से प्रतिबंधित समानों को लेकर आसानी से निकल जा रही है। कभी इस पुलिस चौकी पर दर्जन भर सिपाहियों की तैनाती रहती थी। वर्तमान समय में इस चौकी पर आज सिपाहियों के अभाव में सन्नाटा पसरा हुआ है। उमेश कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी, बैरिया ने बताया कि चाँददीयर पुलिस चौकी पर विभागीय मानक के अनुसार तो एक एसआई ,एक हेड कांस्टेबल और 12 कांस्टेबलों की तैनाती होनी चाहिए। लेकिन जिले में अभी पर्याप्त फोर्स नहीं होने के चलते वहां मानक के अनुसार तैनाती नहीं है। जिले पर फोर्स उपलब्ध होते ही वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी जाएगी।
विज्ञापन