बलिया। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में रविवार को टीडी कालेज के सभागार में मंडलीय सम्मेलन का आयोजन रविवार को किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि अटेवा पेंशन बचाओ मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान अटेवा बलिया के ब्लाक अध्यक्षों एवं समस्त विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया गया। साथ ही आजमगढ़ एवं मऊ के अध्यक्षों को जयप्रकाश नारायण चित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया गया।
इस दौरान अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री बंधु ने कहा कि बलिया के माटी से निकली संपूर्ण क्रांति की लहर ने देश के अधिनायकवादी सत्ता को उखार फेंका था तो आज पेंशन क्रांति वीर संगम के माध्यम से देश की सत्ता से कर्मचारियों की आन, बान सम्मान और स्वाभिमान के लिए पुरानी पेंशन लागू करने के लिए आवाज बुलंद कर रहा हूं। श्री बंधु ने कहा कि एनपीएस भविष्य में देश में सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा। पेंशन सरकारी नौकरियों की आत्मा है, इसलिए पुरानी पेंशन जीवन-मरण का प्रश्न है। इसकी बहाली के लिए अंतिम क्षण तक लड़ेंगे। बलिया एक जनपद भी नहीं है। अपने आप में राष्ट्र माना जाता है। यहां से उठा आंदोलन पेंशन की बहाली अवश्य कराएगा। कार्यक्रम के संयोजक समीर कुमार पांडेय ने कहा कि बलिया में पेंशन क्रांति के तीसरे चरण का आगाज अंजाम तक पहुंचेगा। मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि मंगल पांडेय एवं चित्तू पांडेय की धरती से उठी पेंशन की आवाज गूंगी, बहरी सरकार को सुनना होगा और बाध्य होगर पुरानी पेंशन लागू करना पड़ेगा। इस मौके पर जिलामंत्री लक्ष्मण सिंह, विनय राय, संजय कुमार पांडेय, राकेश मौर्य, वीरेंद्र सिंह, गणेश सिंह, पप्पू गुप्त, राजीव गुप्त, उमेश सिंह, प्रमोद कुमार सिंह आदि के अलावा हजारों अटेवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता अनिल कुमार राय तथा संचालन ओमप्रकाश राय ने किया।