बलिया। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चौकीदार के घरवालों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए ग्रामीण चौकीदार वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट परिसर में हुंकार भरी। इसके अलावा, उन्होंने प्रशासन से मानदेय वृद्धि और बीमा कराने की मांग की।
ग्रामीण चौकीदार वेलफेयर सोसाइटी की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को धरना दिया गया। इस दौरान चौकीदारों ने दुबहर थाना क्षेत्र के कछुआ निवासी चौकीदार राजकुमार की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रशासन से मांग की। धरना सभा में सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष शारदानंद पासवान ने कहा कि दुबहर थाना से ड्यूटी समाप्त करने के बाद चौकीदार राजकुमार पैदल अपने घर जा रहा था। इसी बीच पिकअप के धक्के से उसकी मौत हो गई। आज तक किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता मृतकों के परिजनों को नहीं दिया गया। उन्होंने मांग की कि चौकीदारों को 10 लाख बीमा और मानदेय वृद्धि की जाए। चौकीदारों को प्रत्येक वर्ष ठंड के मौसम में मिलने वाला गर्म जर्सी, जूता, साफा, बेल्ट आदि सामान नहीं मिल पाया है। चौकीदारों ने कहा कि वर्ष 2013 से साइकिल नहीं दी गई, उसे तत्काल दिया जाए। धरना सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मार्च के प्रथम सप्ताह में लखनऊ स्थित विधानसभा परिसर में बेमियादी धरना दिया जाएगा। धरना सभा में विशुनदयाल पासवान, दिनेश पासवान, सुरेंद्र कुमार यादव, रामबहादुर यादव, रामजी राम, गनेश राम, अवधेश, सत्यनारायण, रंजन भारती, रामबाबू मौर्य, विजय प्रताप यादव, इंद्रजीत कुमार आदि रहे।