बेल्थरारोड। श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को स्काउट्स एवं गाइड्स के संस्थापक लॉर्ड पावेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के स्काउट्स एवं गाइड्स ने पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता के साथ खेतों में पराली नहीं जलाए जाने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प जताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण कर किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम संत कुमार ने समाज और राष्ट्र निर्माण में स्काउट-गाइड की महती भूमिका को रेखांकित किया। एसडीएम ने पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सेंट जेवियर्स स्कूल के सत्येंद्र कुमार प्रथम, डीएवी इंटर कॉलेज के अभिषेक यादव द्वितीय व सचिन तृतीय रहे। जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज की ज्योति प्रथम, डीएवी की स्वाति गुप्ता द्वितीय, जीएमएएम इंटर कॉलेज की अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परमहंस इंटर कॉलेज के स्काउट गाइड ने कार्यक्रम में उत्साह पूर्वक सहभागिता की। जिला मुख्यायुक्त प्रधानाचार्या डॉ शैलजा राय ने स्काउट गाइड के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर चौकी प्रभारी आरके सिंह, अरविंद सिंह, सौरभ पांडेय, निर्भय नारायण सिंह, मोहम्मद मोबीन, मनजीत कुमार, राजेश सिंह आदि रहे।