बलिया। शहर सहित जिलेभर के कुल सात कालेजों में आगामी 29 सितंबर को छात्र संघ का चुनाव होना है। इसके मद्देनजर वोट अपने पाले में करने के लिए प्रत्याशी से जी जान से लग गए हैं। प्रत्याशी के समर्थक भी पीछे नहीं है और अपने चहेते प्रत्याशी का कटआउट, पंप्लेट, पर्चा आदि लेकर छात्र-छात्राओं के घर-घर पहुंच रहे हैं। वहीं कालेज के बाहर अभी से प्रत्याशी घुटने के बल पर वोट याचना करना शुरू कर दिए हैं। क्या होना है यह तो 29 को ही पता चलेगा, लेकिन प्रत्याशी पूरी शिद्दत से लग गए हैं।
शहर के टाउन डिग्री कालेज, कुंवर सिंह कालेज, सतीशचंद्र कालेज, सुदिष्टपुरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कमला देवी बाजोरिया डिग्री कॉलेज दुबहर, मथुरा महाविद्यालय रसड़ा, श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय दादर आश्रम में चुनाव होना है। इस बार कुल सात कालेजों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 26 दावेदार है। अब देखना यह है कि अध्यक्ष का सेहरा कौन-कौन बांधता है। उधर छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर पुलिस भी चौकन्ना हो गई है। कालेजों के बाहर गश्त जहां बढ़ गई है, वहीं रात्रि भ्रमण भी कर रही है। मंगलवार को शहर के कालेजों में आलम यह रहा है कि पूरा कालेज परिसर में प्रत्याशियों के पर्चा बिखरा पड़ा था। वहीं प्रत्याशी भी घुटने के बल पर भाई-भाई, बहन-बहन करके वोट याचना करते देखे गए।