बैरिया। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव से नई दिल्ली में मुलाकात की और गरीब नवाज एक्सप्रेस का ठहराव सुरेमनपुर में कराने की मांग की। साथ ही सुरेमनपुर, बकुल्हा व दलछपरा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने विधायक सुरेंद्र सिंह को आश्वस्त किया कि अप्रैल से गरीब नवाज एक्सप्रेस का सुरेमनपुर स्टेशन पर ठहराव होगा। अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
विधायक सुरेंद्र सिंह सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर नई ट्रेनों का ठहराव की लगातार मांग करते रहे हैं। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव क्षेत्र के सुकरैली (कर्णछपरा) गांव के मूल निवासी हैं। विधायक ने उनसे मिल कर अपनी मांगें रखी। विधायक ने बताया कि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने उक्त ट्रेन का ठहराव अप्रैल से कराने का भरोसा देते हुए कहा कि उनसे जो कुछ भी हो पाएगा करेंगे। बताया कि एनएच 31 के संदर्भ में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। भूतल परिवहन सचिव से मिलकर एनएच की मरम्मत में भ्रष्टाचार की शिकायत की है। साथ ही बलिया से मांझी घाट तक गड्ढों में तब्दील इस सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त कराने के लिए भी लिखित आग्रह किया।