रतसर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय रकसा के सभागार में रविवार को रामनवमी महाविद्यालय का दशम दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 13 स्वर्ण पदक और 477 स्नातकों को उपाधियों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि केन्द्रीय विश्व विद्यालय गया के प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि कभी भी हम समस्या का हिस्सा न बनें बल्कि समाधान का अंग बनें, इसी में जीवन की सार्थकता है।
अध्यक्षता कर रही जेएनसीयू की कुलपति प्रो कल्पलता पांडेय ने कहा कि अब आपके कंधों पर परिवार, समाज और राष्ट्र के दायित्वों का बोझ है। अब चुनौतियों का सामना करना है, जो आपके व्यक्तित्व का निर्धारण करेगा। आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन किया और दीप जलाया। छात्राओं द्वारा वंदना, स्वागत एवं कुलगीत सुनाया। प्रबंधक लल्लन सिंह ने मंचस्थ अतिथियों एवं समस्त अभ्यागतों का स्वागत किया। प्राचार्य डा.अशोक कुमार सिंह ने महाविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। डा. राजीव कुमार सिंह, डा. अभय नाथ सिंह, संजय कुमार शुक्ल, डा. बीना पाण्डेय, विकास सिंह, डा. अश्वनी कुमार पाण्डेय एवं डा.शारदा यादव द्वारा प्रकाशित विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। धन्यवाद ज्ञापन विकास सिंह एवं कार्यक्रम का संचालन डा. रूदल कुमार सिंह ने किया।

रकसा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मौजूद कुलपति और अन्य।- फोटो : BALLIA