बांसडीह। डीसीएम और लग्जरी कार पर मुर्गी दाने की बोरियों में छिपाकर रखी गई हरियाणा निर्मित 230 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब को बांसडीह पुलिस ने बुधवार की देर रात बांसडीह-सहतवार मार्ग स्थित खरौनी मोड़ से बरामद किया। पुलिस ने ड्राइवर समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें जेल भेज दिया गया।
बांसडीह पुलिस बुधवार की शाम गश्त कर रही थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि बांसडीह-सहतवार मार्ग होते हुए अंगेजी शराब लदी डीसीएम व एक कार बिहार जा रही है। इसके बाद पुलिस ने बांसडीह-सहतवार मार्ग स्थित खरौनी मोड़ के पास घेराबंदी की। उसी समय आबकारी निरीक्षक अशोक कुमार खरौनी भी आ गए और दोनों टीमें गाड़ियों का इंतजार करने लगीं। तभी डीसीएम के आगे एक लग्जरी कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने हाथ दिया तो गाड़ी रोककर उसमें से ड्राइवर सहित अन्य लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा पकड़ लिया। जब पुलिस डीसीएम चालक से पूछताछ की तो चालक ने बताया कि मुर्गी दाना लदा है। शक होने पर पुलिस ने जब जांच की तो डीसीएम में मुर्गी दाने की बोरी में राख के बीच में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की 210 व लग्जरी कार में 20 पेटी अंग्रेजी शराब लदी मिली। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब 37 लाख रुपये की है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह अंग्रेजी शराब बिहार जा रही थी। पकड़े गए अभियुुयुक्तों ने अपना नाम चालक कप्तान सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ग्राम सांडी थाना गोहना जनपद सोनीपत, अरविंदर गहलौत रिंकू पुत्र हरिकिशन गहलोत ग्राम फरमाना खरखौदा सोनीपत, गोविंद सनुपद्जा पाल पुत्र जयपाल ग्राम सांडी थाना गोहना सोनीपत, विक्रम सिंह पुत्र रणवीर सिंह ग्राम नूरन खेड़ा थाना बरौदा सोनीपत हरियाणा एवं मनोज कुमार राय पुत्र रामेश्वर राय ग्राम टेढा मीनापुर जनपद सारण छपरा बिहार बताया। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों को आबकारी अधिनियम व 419, 420, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर ड्राइवर सहित पांचों को जेल भेज दिया।