UP: गैस लीकेज से विस्फोट...गंभीर रूप से झुलसी महिला, रसोई घर में भरी थी गैस; लाइटर जलाते ही हुआ जोरदार धमाका
गैस लीकेज से विस्फोट होने पर महिला गंभीर रूप से झुलस गई। रसोई घर में गैस भरी थी। लाइटर जलाते ही जोरदार धमाका हुआ।
विस्तार
यूपी के बहराइच में छावनी चौराहा स्थित एक घर में बृहस्पतिवार की सुबह सिलिंडर में गैस लीकेज से धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। गनीमत रही कि सिलिंडर में विस्फोट नहीं हुआ नहीं तो हादसा भयावह होता।
कोतवाली नगर के छावनी चौराहा निवासी बालाजी गुप्ता दोना-पत्तल के कारोबारी हैं। घर के निचले हिस्से में वह दुकान चलाते हैं और ऊपर के हिस्से में परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की रात उनके घर की रसोई में रखे सिलिंडर में लीकेज हो गया। रात में किसी को भी इसकी जानकारी नहीं हुई और रात भर गैस रिसाव होता रहा।
जोरदार धमाके के साथ विस्फोट
सुबह इनकी बहू शालू गुप्ता (28) चाय बनाने के लिए रसोई में गई। इस दौरान लाइटर जलाते ही रसोई में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इसमें शालू गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे नगर कोतवाल राकेश सिंह ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है।
गनीमत रही सिलिंडर में विस्फोट नहीं हुआ
सिलिंडर में गैस लीकेज से विस्फोट हुआ है। गनीमत रही कि रसोई की खिड़कियां खुली थीं। सिलिंडर में विस्फोट नहीं हुआ। सिलिंडर में विस्फोट होने पर हादसे का दायरा बढ़ जाता। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। -राकेश सिंह, कोतवाल नगर