बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक हुई। इस दौरान शिवपुर ब्लॉक में अन्य विकास खंडों की अपेक्षा गाय वितरण कम पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए सीडीपीओ को नोटिस जारी करने का निर्देश डीएम ने दिया। मुख्यमंत्री सुपोषण घर की समीक्षा में शिवपुर, बलहा व नवाबगंज में अन्य विकास खंडों की अपेक्षा कम बच्चे भर्ती पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और सुधार लाने के निर्देश दिए।
डीएम शंभु कुमार ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुपोषित गांवों के भ्रमण के दौरान ड्राई राशन वितरण, गाय वितरण सहित अन्य शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन का फीडबैक प्राप्त करें। डीएम ने कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि आधार सीडिंग कार्य के प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा कर अपेक्षित सुधार लाएं। पोषण वाटिका की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि भूमि की उपलब्धता के आधार पर पोषण वाटिका का विस्तार किया जाए। जिला पोषण पुनर्वास केंद्र संचालन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संयुक्त रूप से पुनर्वास केंद्र से संबंधित समस्या का समाधान कराते हुए पुनर्वास केंद्र को शासन की मंशानुरूप संचालित कराना सुनिश्चित करें। इस मौके पर सीडीओ कविता मीना, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार, डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय, डीपीओ जीडी यादव, बीएसए दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।