मोबाइल टॉवर लगाने के विरेाध में महिलाओं का हंगामा
बड़ौत। आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाने के विरोध में बृहस्पतिवार को छपरौली की महिलाओं ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर टावर निर्माण का कार्य रुकवाने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालीं महिलाओं का कहना था कि कस्बे की पट्टी धंधान निवासी युवक प्रशांत उर्फ बबलू आबादी में अपने मकान पर मोबाइल टॉवर लगवा रहा है। टावर के 60 मीटर के एरिया में बच्चों का स्कूल है। जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ेगा। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि टॉवर का निर्माण कार्य जल्द नही रोका गया तो तहसील परिसर में भूख-हड़ताल करेंगी। एसडीएम ने मौके पर तहसील कर्मचारियों की टीम भेजकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में अतुल शर्मा, मुनेश देवी, ब्रिजेश, सुदेश, मनेश, राजेश, राकेश, रीता, अतुल, रवि आदि मौजूद रहे।