बागपत। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर शासन ने नई गाइड लाइन जारी की है। अब सप्ताह में शनिवार और रविवार के साथ सोमवार को बंदी रहेगी। इसके अतिरिक्त सभी मॉल, सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट व धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए अब शुक्रवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाया जाएगा। मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने डीएम व एसपी भेजे पत्र में लोगों को गाइडलाइन का पालन कराने के लिए निर्देशित किया है।
मुख्य सचिव ने डीएम व एसपी को भेजे पत्र में मास्क व सामाजिक दूरी का पालन का पालन कराने, संक्रमित होने के संदेह व फ्लू के लक्षण दिखने पर क्वारंटीन करने, संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को आइसोलेट करने, संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कंटेनमेंट जोन पर फोकस करने, रात्रि कर्फ्यू का कड़ाई से पालन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। 50 फीसदी क्षमता के साथ परिवहन सेवाओं का संचालन किया जाएगा और सभी सरकारी व निजी कार्यालय में 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने परीक्षण व डोर-टू-डोर मामलों की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और नियमों के आधार पर ही लोगों को होम आइसोलेट की अनुमति दी जाएगी। सभी सरकारी अस्पतालों में जिला स्तरीय चिकित्साधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया जाएगा।