बड़ौत। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शनिवार को विकास कार्यों के 365 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें हरी झंडी दे दी गई। नगर को जल भराव की समस्या से मुक्त और अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने के लाखों रुपयों के प्रस्ताव पास किए गए। सबसे ज्यादा तीन करोड़ रुपये मीरापुर रजबहे की पटरी पर सीसी सड़क, दीवार निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए है।
नगर पालिका अध्यक्ष डा. अमित राणा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में नगर के सभी वार्डों में नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग आदि के निर्माण के संबंधित लाखों के प्रस्तावों को पास किए गए। शहर में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठेके पर नौ कर्मचारी रखने के लिए 15.64 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। इसके अलावा शहर में जगह-जगह लगे हैंडपंपों की मरम्मत, नई पाइप लाइन बिछाने के प्रस्ताव, 25 नलकूपों के संचालन के लिए 48.75 लाख के बजट को मंजूरी दी गई। वार्ड 8, 11 व 21 में नाला निर्माण के लिए 44 लाख से अधिक के बजट को हरी झंडी दिखाई गई। शहीद पार्क समेत अन्य पार्कों के रख-रखाव व सुंदरीकरण के लिए 16.36 लाख रुपये के बजट पास किया गया। मीरापुर रजबहे की पटरी पर सीसी सड़क, दीवार निर्माण के लिए तीन करोड़ से अधिक का बजट पारित हुआ। गांधी रोड, नेहरू रोड, गुराना रोड समेत अन्य मार्गों की साइड पटरी पर टाइल्स लगाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। बोर्ड बैठक में जीत सिंह कश्यप, कालू रूहेला, नगेन्द्र, नरेन्द्र, प्रताप चौहान, सरिता जैन, अनुज जैन, अबलू, शीला, जाहिदा, गौरव, मेहरबान आदि शामिल रहे।