ट्रांसफार्मर फुंकने से सरूरपुरकलां में आपूर्ति ठप
बागपत। ग्राम सरूरपुरकलां में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार को धमाके के साथ फुंक गया। जिसमें काफी देर तक आग जलती रही और गांव की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण राजेश नैन, संजीव नैन, सुभाष नैन आदि ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव में लगे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। आसपास खड़े ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने से 200 से अधिक घरों की आपूर्ति ठप हो गई, जो रात आठ बजे तक भी सुचारु नहीं की गई। उधर, आपूर्ति ठप होने से दिन भर ग्रामीण गर्मी से बेहाल दिखाई दिए तो रात में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के एक्सईएन अमर सिंह का कहना है कि ट्रांसफार्मर ठीक कराकर जल्द ही आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।