खौफनाक: आरोपी बोला- सबके सामने बेइज्जत करता था रविंद्र, इसलिए मार डाला, छह साल पहले रची थी साजिश
बागपत में पुलिस ने रविंद्र की हत्या का खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने बताया कि रविंद्र उन्हें बेइज्जत करता था इसलिए मार डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र में ढिकाना गांव के रविंद्र की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों से कई घंटों तक पूछताछ की, इसके बाद हत्यारोपियों ने वारदात को स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार गांव के ही दो युवकों नगेंद्र उर्फ बिट्टूू केहरी और सोमपाल ने रविंद्र की हत्या की थी। दोनों ने पूछताछ में बताया कि रविंद्र सबके सामने उनकी बेइज्जती करता था, गालियां देता था, इसी से आक्रोशित होकर हत्या कर दी। छह साल पहले भी रविंद्र की हत्या करने की साजिश की थी, लेकिन गलत-फहमी में उसके बराबर में चारपाई पर सो रहे ब्रह्मपाल की हत्या हो गई थी। इस मामले में नगेंद्र जेल भी गया था।
बता दें कि ढिकाना गांव का रहने वाला रविंद्र पुत्र धर्मपाल 23 जुलाई को लापता हो गया था। उसके भाई विकास ने 25 जुलाई को गांव के ही दो युवकों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि दोनों उसे घर से बुलाकर ले गए और उसकी कहीं ले जाकर हत्या कर दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की थी। पीड़ित परिजनों ने जनपद में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी न्याय की गुहार लगाने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं मिलने दिया था। इसके बाद पीड़ितों ने कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया था। मामला बढ़ता देख पुलिस ने रविंद्र और नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
कोतवाल शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि दोनों नामजद आरोपी नगेंद्र उर्फ बिट्टूू केहरी पुत्र भोपाल व सोमपाल पुत्र महेंद्र निवासीगण ढिकाना को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खड़े है। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रविंद्र अक्सर उनके साथ बैठकर शराब पीता था। शराब के नशे में धुत्त होने के बाद दोनों के साथ गली-गलौज करता था। इसी से आक्रोशित होकर दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
बताया कि 23 जुलाई को दोनों उसे ग्राम गढ़ी ले गए। वहां पर उसे शराब पिलाई। शराब पीते ही रविंद्र उन्हें गाली देने लगा। इस पर दोनों से उसे और अधिक शराब पिलाई। उसके पूरी तरह नशे में धुत्त होने के बाद बाइक पर बैठाकर किनौनी मिल के पीछे हिंडन नदी में धक्का दे दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बाइक को भलसोना के पास नाले में फेंक दिया।
तलाश के बाद भी नहीं मिला शव
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनसे हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद की। साथ ही रविंद्र के शव की तलाश के लिए हिंडन में गोताखोर लगाए, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया कि बोहला चौकी इंचार्ज बृजेश देवल अपनी टीम के साथ हिंडन में रविंद्र के शव की तलाश अभी भी कर रहे हैं। उधर, रविंद्र की हत्या की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। महिलाओं व युवतियों का रोते हुए बुरा हाल हो रहा था।
छह साल पहले बनाई थी योजना
कोतवाल के मुताबिक, दोनों हत्यारोपियों ने बताया कि गाली-गलौज से तंग आकर तकरीबन छह साल पहले भी रविंद्र की हत्या की साजिश रची थी। मगर, उस दौरान उसकी बराबर में पड़ी चारपाई पर सो रहे ब्रह्मपाल को रविंद्र समझकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में नगेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था।