बागपत/अग्रवाल मंडी टटीरी। रमजान माह के तीसरे जुमे पर नगर की मस्जिदों में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत नमाज अदा की गई। इस दौरान कोरोना महामारी खत्म करने और देश में खुशहाली व तरक्की की दुआ की गई।
नगर की मकरज वाली मस्जिद, जामा मस्जिद, मोमीन मस्जिद, छत्ते वाली मस्जिद और तकिये वाली मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की गई। कस्बे में आज मुबारक रमजान माह के तीसरे जुमे पर अकीदतमंदों ने 2 रकात नमाज अदा की। कस्बे की देशवाल पट्टी स्थित मस्जिद के इमाम मौलवी हाजी जहीर अहमद ने कहा कि रोजे तमाम गुनाहों के लिए ढाल हैं। इसलिए गंदगी और जहालत की बातें अगर कोई शख्स करे, लड़ाई झगड़ा या गालीगलौज करें तो उससे कह देना चाहिए कि हमारा रोजा है। अल्लाह फरमाते हैं कि रोजेदार खाना-पीना और दूसरी ख्वाहिशें सिर्फ मेरे लिए छोड़ता है। इसलिए रोजे खास मेरे लिए ही हैं, इसका इनाम दूंगा। एक नेकी का 10 गुना सवाब दिया जाएगा। जन्नत में एक दरवाजा रयान है। कयामत के दिन सिर्फ रोजेदार ही इस दरवाजे से उसमें दाखिल हो सकेंगे। रोजेदार के दाखिल होने के बाद वह दरवाजा बंद हो जाएगा। इसलिए सभी को रोजे व पांच वक्त की नमाज तरावीह के साथ पढ़नी चाहिए। जिससे दुनियावी के साथ-साथ आखिरत भी बन सके। नमाज के बाद मौलवी ने कोरोना महामारी के खात्मे की दुआ कराई। अल्लाह से दुआ की गई कि हमारे देश को अल्लाह इस बीमारी से बचाए।