ग्रामीणों ने की शीघ्र आपूर्ति सुचारु करने की मांग
दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव के बिजलीघर की एक मशीन एक सप्ताह से खराब है। इससे गांव की आपूर्ति बाधित हो रही है। दिन में एक से दो घंटे ही सप्लाई दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने दो दिन में समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
गांव के ब्रह्मपाल राणा, कृष्णपाल राणा, बोलर का कहना है कि ग्रामीणों ने मशीन ठीक कराने की मांग को लेकर बिजलीघर पर प्रदर्शन किया था, मगर फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कृषिपाल राणा का कहना है कि 1967 में बिजलीघर का निर्माण हुआ था। मशीन व लाइन पुरानी हो चुकी है, जिसके कारण आए दिन समस्या रहती है। प्रह्लाद, तेजपाल राणा का कहना है कि गांव के लगभग 200 घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। गांव में तार टूटने पर बड़ा हादसा हो सकता है। अगर दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन के लिए विवश होंगे।