पुरा महादेव में आज से मेला शुरू: 20 लाख से ज्यादा कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए रोजाना कांवड़िये और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए लग रहा है कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की संख्या इस बार रिकॉर्ड तोड़ रहेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुरा महादेव में सोमवार से चार दिवसीय श्रावणी मेला शुरू होगा। कोरोना काल के बाद पहली बार मेला लग रहा है। इसलिए वहां 20 लाख से ज्यादा कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। इस बार जहां हेलिकॉप्टर से निगरानी होगी तो एटीएस की टीम भी पहली बार तैनात रहेगी, जो यहां सोमवार को पहुंच जाएगी। इसके अलावा भी मेले के लिए सुरक्षा से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाएं बेहतर कर दी गई हैं।
कोरोना के कारण पिछले दो साल से कांवड़ यात्रा और परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने को लेकर कड़े नियम बनाए गए थे। इसके साथ ही पुरा महादेव में मेले पर रोक लगाई हुई थी। इस बार यात्रा और जलाभिषेक पर कोई पाबंदी नहीं है। श्रावणी मेला भी सोमवार से शुरू हो जाएगा।
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए रोजाना कांवड़िये और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए लग रहा है कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की संख्या इस बार रिकॉर्ड तोड़ रहेगी। उनके अनुसार 26 जुलाई को शाम 6:48 बजे पर झंडारोहण होगा।
हेलिकॉप्टर से फूल भी बरसाने की योजना
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर पहली बार हेलिकॉप्टर से निगरानी होगी। पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी हेलिकॉप्टर से मंदिर के ऊपर से राउंड लेकर स्थिति को देखते रहेंगे। यह भी बताया जा रहा है कि वह शिवरात्रि के दिन कांवड़ियों पर मंदिर के ऊपर से पुष्पवर्षा भी करेंगे। इस बीच मंदिर में कोई वीआईपी नहीं आएगा।
200 आईपी कैमरों के सहारे पुलिस कर्मियों से अधिकारी बात कर सकेंगे
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के अंदर और आसपास 200 आईपी कैमरे लगवाए गए हैं, जो पहली बार लगे हैं। इन कैमरों के आईपी एड्रेस जिस-जिस अधिकारी के पास होंगे, वह कैमरों के सहारे पुलिस व अन्य सुरक्षा कर्मियों से अपने मोबाइल से बात कर सकेंगे। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि यह व्यवस्था पहली बार की गई है।
यह सब कुछ भी पहली बार हुआ
कांवड़ यात्रा में भीड़ को देखते हुए इस बार बरनावा से गल्हैता तक वन मार्ग को बेहतर करने के साथ ही मचान बनवाए गए हैं। बाइक एंबुलेंस चलाई गई है तो गुफा मंदिर के बाहर व पुरा महादेव में बैरिकेडिंग को अलग तरीके से लगवाया गया है। पुरा महादेव में एक कंट्रोल रूम बाहर भी बनाया गया है तो इस बार सात जोन व 26 सेक्टर बनाए गए हैं।
मंदिर और आसपास करीब एक हजार पुलिस व पीएसी के जवानों को लगाया गया है। हेलिकॉप्टर से निगरानी की जाएगी तो सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोई कोताही नहीं रहेगी। - नीरज कुमार जादौन, एसपी
मंदिर और आसपास पहली बार आईपी कैमरे लगवाए गए हैं। रास्ता काफी बेहतर किया गया है और मचान बनवाए गए हैं। कांवड़ियों को कोई परेशानी नहीं हो, उसका पूरा ध्यान रखा गया है। स्वास्थ्य सुविधाएं हर जगह रखी गई हैं। - राजकमल यादव, डीएम