खुलासा: प्रेमिका के दो बच्चों की अपहरण कर प्रेमी ने की हत्या, सीसीटीवी से खुला वारदात का राज
उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रेमी ने सोनीपत से प्रेमिका के दो बच्चों का अपहरण किया और फिर बारी बारी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया।
विस्तार
प्रेम संबंध में बाधक बनने पर प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के दो बच्चों का सोनीपत से अपहरण करके बागपत में गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने घटना का खुलासा करते हुए बागपत के नौरोजपुर में ईख के खेत से दोनों बच्चों के शव बरामद कराए।
सोनीपत के आदर्श नगर की रहने वाली महिला रूबी(22) फरवरी को थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया था कि 21 फरवरी को उसके बेटे वंश (10) और यश (7) लापता हो गए।
वह दोनों बेटों को मशद मोहल्ला स्थित स्कूल में छोड़कर फैक्टरी में चली गई थी और उसके बाद बच्चे घर नहीं आए। उसने शक जताया था कि उनके बच्चों का किसी ने अपहरण कर लिया है।
यह भी पढ़ें: Satypal Malik: सीबीआई के छापे के बाद पूर्व राज्यपाल बोले- मेरे पास कर्ज ही कर्ज, सरकार चाहे तो उसे ले ले
एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोनीपत पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी, जिसको स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि एक युवक छुट्टी के बाद ही दोनों बच्चों को स्कूल के बाहर से बाइक पर बैठाकर ले गया है।
पुलिस को उस युवक के बारे में छानबीन करने पर पता चला कि वह मूलरूप से बागपत के बरनावा का रहने वाला नितिन है और पिछले काफी साल से सोनीपत के कबीरपुर में रहता है।
पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया कि रूबी का पति से तलाक हो चुका है और उससे उसके प्रेम संबंध हैं। वह उसके घर जाता था तो उसके वहां जाने में बच्चे बाधक बनते थे। इस कारण ही उसने बच्चों को स्कूल से बाहर से बाइक पर बैठाकर बागपत में गला घोंटकर हत्या कर दी।
सोनीपत पुलिस उसे शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे साथ लेकर बागपत में पहुंची और कोतवाली पुलिस के साथ आरोपी की निशानदेही पर नौरोजपुर गांव में गई। जहां अतले के ईख के खेत में दोनों बच्चों के शव एक पेड़ के किनारे बैठाए हुए थे।
उनमें एक की तार तो दूसरे की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। एएसपी ने बताया कि बच्चों के अपहरण का मुकदमा सोनीपत में दर्ज है और वहां की पुलिस ही मामले की जांच कर रही है।

हत्या की खबर से संबंधित फोटो। वंश का फाइल फोटो। स्रोत:परिजन