खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव सांकरौद स्थित बागपत शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर उठान नहीं होने से चार दिन से तौल बंद है। इससे किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। किसानों को इंडेंट समय पर नहीं मिल रहा है। इससे आक्रोशित किसानों ने क्रय केंद्र पर पहुंचकर मिल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। मिल अधिकारियों ने उन्हें तौल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान शांत हुए।
सांकरौद गांव स्थित बागपत शुगर मिल के तौल केंद्र पर गन्ने का उठान न होने से चार दिन से तौल बंद है। केंद्र पर तौल बंद होने से आक्रोशित किसान सोमवार को क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां किसानों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि चार दिन से तौल बंद होने से किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण किसानों को इंडेंट समय से नहीं मिल रहा है। इससे किसान खासे परेशान हैं। उन्होंने मिल प्रबंधन से तौल सुचारू कराने की मांग की। समस्या का समाधान होने पर मिल के गेट पर धरना देने की भी चेतावनी दी। चीनी मिल के सीसीओ राजदीप सिंह के तौल कराने के आश्वासन पर किसान शांत हुए। इस दौरान सुखवीर, जितेंद्र, सतवीर, हरपाल, राजवीर, नरेंद्र, सुनील, योगेश, दिनेश, अमित, पवन, संदीप, रवींद्र आदि किसान मौजूद रहे।