बागपत। जिला अस्पताल में मशीन खराब होने के कारण लीवर, किडनी व शुगर की जांच नहीं होने का मामला अमर उजाला में प्रकाशित होने का सीएमओ डॉ दिनेश कुमार ने संज्ञान लिया। शनिवार की सुबह जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने 48 घंटे में खराब मशीन ठीक कराने के निर्देश दिए। सीएमओ को इमरजेंसी में चिकित्सक नहीं मिला तो अन्य भी खामियां मिली। सीएमओ ने चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।
जिला अस्पताल में खून की जांच की मशीन खराब हो गई है, जिससे लोगों की लीवर, किडनी और शुगर की जांच कराने के लिए प्राइवेट लैब में जाना पड़ रहा है। प्राइवेट लैब में लीवर और किडनी की जांच कराने के लिए 600-600 रुपये खर्च करने पड़ रहे है। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में लोगों की परेशानियों को देखते हुए ‘मशीनें खराब पड़ीं, भटक रहे मरीज’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और शनिवार तकी सुबह सीएमओ डॉ दिनेश कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को 48 घंटे में मशीनें ठीक कराकर लोगों की जांच करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में इमरजेंसी में चिकित्सक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।