बड़ौत। लोयन गांव निवासी बिट्टू हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने रविवार को उसके भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। पुलिस ने पूछताछ में हत्यारोपी भाई से तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि लैब से आई रिपोर्ट में भी इसका खुलासा हुुआ है।
बिट्टू के परिजनों के मुताबिक बीती पांच नवंबर शाम नीटू, प्रमोद और सुभाष निवासी लोयन मलकपुर गांव के जंगल मेें स्थित एक नलकूप पर शराब पी रहे थे। इस दौरान नीटू की प्रमोद व सुभाष के साथ मारपीट हो गई थी। इसके बाद रात लगभग आठ बजे गांव में राजकुमार के घर के सामने प्रमोद, सुभाष, रवि, सुबोध, दीपक ने नीटू के भाई बिट्टू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रमोद ने गोली चलाई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। इस हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई रवींद्र पुत्र धर्मपाल ने उक्त पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने प्रमोद व सुभाष को जेल भेज दिया था। इस दौरान दीपक के परिजनों समेत अन्य ने एसपी सहित पुलिस अफसरों से मिलकर बताया था कि झगड़े के बाद नीटू तमंचा लेकर प्रमोद, सुभाष, रवि व सुबोध को मारने की नियत से घर से चला था। राजकुमार के घर के सामने बिट्टू ने जब अपने भाई नीटू से तमंचा छीने का प्रयास किया तो उसी दौरान नीटू के हाथों से चली गोली से बिट्टू की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच के लिए सैंपल लैब में भेजा था। लैब से आई रिपोर्ट में भी नीटू के हाथों से गोली चलना आया है। इसके बाद रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पाकर इस हत्याकांड में मृतक बिट्टू के भाई जितेंद्र उर्फ नीटू पुत्र धर्मपाल निवासी लोयन को मलकपुर गांव के जंगल से गिरफ्तार किया है। सीओ ने बताया कि लैब से आई रिपोर्ट में नीटू के हाथों से गोली चलना आई है। फिलहाल हत्यारोपी से पूछताछ के दौरान हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।